स्वतंत्रता दिवस: आगरा रेंज की आठ जेलों के 12 हजार बंदियों को मिलेगा मुलाकात का तोहफा
स्वतंत्रता दिवस पर शासन ने दिया आदेश, मार्च, 2020 से बंद थी मुलाकात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में स्वतंत्रता दिवस पर शासन ने जेलों में निरुद्ध बंदियों की मुलाकात फिर से शुरू कराने का आदेश दिया है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए मार्च, 2020 से मुलाकात बंद थीं। अब सोमवार से बंदियों से परिजन नियमानुसार आवेदन करके मुलाकात कर सकेंगे।
प्रभारी डीआईजी रेंज वीके सिंह ने बताया कि 16 महीने बाद मुलाकात शुरू हो रही हैं। मुलाकातियों को जेल में मुलाकात के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। आगरा रेंज की आठ जेलों के 12 हजार बंदियों को राहत मिलेगी।
ये बनाए गए हैं नियम
- 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट दिखानी होगी।
- सप्ताह में एक बार दो लोग ही मुलाकात कर सकेंगे।
- गेट पर सामान की जांच होगी। सैनिटाइज किया जाएगा।
- मुलाकातियों को मास्क पहनना होगा। थर्मल स्क्रीनिंग होगी।
- मुलाकात के बाद बंदी को हाथ सैनिटाइज करने होंगे।
आज जिला जेल से रिहा होगी तीन महिला बंदी
शासन के आदेश पर 15 अगस्त पर जिला जेल से तीन सजायाफ्ता महिला बंदियों को रिहाई मिलेगी। आगरा जिला जेल के अधीक्षक पीडी सलोनिया के मुताबिक, रिहा की जाने वाली एक महिला बंदी आजीवन कारावास की सजा काट रही थी जबकि दो को दस साल की सजा हुई थी। यह तीनों महिला बंदी लखनऊ भेजी गई हैं। शनिवार को राज्यपाल ने बंदियों से संवाद किया। वहीं जुर्माना जमा होने पर एक पुरुष बंदी को भी रिहा किया जाएगा। जुर्माना राशि एक समिति ने जमा कराई।