कोरोना का डर: प्रवासियों के लौटने का सिलसिला जारी, आगरा-मथुरा में अतिरिक्त बसें तैयार रखने के निर्देश
प्रदेश सरकार ने प्रवासियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था शुरू कर दी है। आगरा और मथुरा में ट्रेनों से लौटने वाले कामगारों के लिए अतिरिक्त बसें तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विस्तार
गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश के जिलों से आगरा में प्रवासियों के लौटने का सिलसिला जारी है। अब प्रदेश सरकार ने भी प्रवासियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था शुरू कर दी है। आगरा और मथुरा से 100 बसें आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रवासियों की ट्रेनों में बढ़ती तादाद के मद्देनजर परिवहन निगम को भी बसों की व्यवस्थाएं करने के लिए कहा गया है। आगरा के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पुंढीर ने बताया कि परिवहन मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशों के बाद 100 बसों को आरक्षित रखा जाएगा।
यह है व्यवस्था
इन बसों को हरियाणा, पंजाब, राजस्थान से आने वाले श्रमिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रखा गया है। इसके अलावा भी रेलवे स्टेशनों पर रोडवेज कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी, यदि किसी ट्रेन से ज्यादा संख्या में यात्री आते हैं तो ऐसे में कर्मचारी संबंधित डिपो से बसें रेलवे स्टेशन पर ही लगवाएगा, ताकि प्रवासी सीधे अपने जिलों तक पहुंच सके हैं।
गुरुवार को भी आगरा कैंट और आईएसबीटी पर प्रवासी आए। किसी को जौनपुर तो किसी को गोरखपुर तक जाना था। रामभरत ने बताया कि वह कानपुर देहात जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा है। वह फरीदाबाद से लौटा है।
रेलवे चला रहा है स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने एक अप्रैल से ही गुजरात, बांद्रा, महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। अभी एक और दो फेरे संचालित होने वाली पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन रेलवे कर चुका है। यह ट्रेनें आगरा में ठहराव वाली थीं। इसके अलावा अन्य मंडलों से होकर जाने वाली भी ट्रेनें लगातार संचालित की जा रही हैं।
कोरोना से संबंधित खबरें
आगरा में कोरोना: दूसरी लहर में संक्रमण की रफ्तार बेकाबू, पहली बार 24 घंटे में 295 मरीज मिले
सजग रहें, सुरक्षित रहें: मास्क के बिना कॉलोनी में प्रवेश नहीं, सोसायटी ने गेट पर लगाए पोस्टर