सफाईकर्मी के साथ नर्स ने किया प्रसूता का ऑपरेशन, नवजात की मौत, मां की हालत गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में एक बार फिर प्राइवेट अस्पताल में लापरवाही के कारण नवजात की जान चली गई। आरोप है कि डॉक्टर की गैर मौजूदगी में सफाईकर्मी के साथ नर्स ने प्रसूता का ऑपरेशन कर दिया। जन्म के कुछ देर बाद ही नवजात की मौत हो गई।
वहीं गलत ऑपरेशन होने से प्रसूता की भी हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मरणासन्न हॉल में प्रसूता को दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में मरीज भर्ती पर रोक लगा दी है।
फिरोजाबाद के ढोलपुरा गांव निवासी पंकज यादव की गर्भवती पत्नी सुनीता उर्फ रूबी (26) को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार सुबह यमुनापार के गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया। अल्ट्रासाउंड के बाद स्टाफ ने परिजनों को बताया कि सामान्य प्रसव हो जाएगा।
नवजात की मौत के के बाद स्टाफ फरार
दोपहर को ऑपरेशन थिएटर में ले जाने के बाद स्टाफ बोला कि ऑपरेशन करना पड़ेगा। रूबी की मां ओमवती देवी ने बताया कि उनसे पूछा कि कौन डॉक्टर ऑपरेशन कर रहे हैं, लेकिन ओटी में सफाई कर्मचारी के साथ नर्स अंदर गई और गेट बंद कर लिया।
कुछ देर बाद नवजात के चीखने की आवाज आई। गेट खटखटाया तो अंदर नर्स बोली कोई बात नहीं है, बच्ची पैदा हुई है। अंदर गए तो रूबी दर्द से तड़प रही थी, खून बिखरा हुआ था। परिजनों ने पूछा कि ऑपरेशन गलत कर दिया क्या?
इस पर नर्स बोली कि डॉक्टर आ रही हैं, दर्द का इंजेक्शन दे देंगी। इतना कहते ही एक-एक कर स्टाफ बाहर चला गया। ओमवती बाहर बैठे अपने रिश्तेदार ब्रह्म सिंह यादव को बुलाकर लाई। थोड़ी देर बाद मौत हो गई।
डॉक्टर हैं बाहर, स्टाफ ने ही कर दिया ऑपरेशन
यह अस्पताल डॉ. मनोज अग्रवाल के नाम से पंजीकृत है। स्वास्थ्य विभाग की टीम को निरीक्षण में यहां कोई डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिला। परिजनों को भी नहीं मालूम कि किसने ऑपरेशन किया है। आशंका जताई जा रही है कि अनट्रेंड डॉक्टर ने ही प्रसूता का ऑपरेशन कर दिया है।
एसीएमओ डॉ. अजय कपूर ने बताया कि डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिला। ऑपरेशन किसने किया है, इसकी जानकारी भी नहीं हुई है। मरीज के पर्चे भी गायब मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि बिना डॉक्टर के ही स्टाफ ने ऑपरेशन कर दिया है। मरीज भर्ती पर रोक लगाने के साथ ही जांच की जा रही है।