Lumpy Virus: आगरा के शमशाबाद में लंपी वायरस का प्रकोप, 10 दिन में 50 गायों के मरने का दावा
समाजसेवी संगठन टीम लीफ ने दावा किया है कि शमशाबाद क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन चार-पांच गायें दम तोड़ रही है। अब तक इनके बचाव के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के शमसाबाद कस्बे व आसपास के गांवों में लंपी वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पालतू के अलावा छुट्टा मवेशी भी इसकी चपेट में आकर मर रहे हैं। आलम यह है कि 10 दिनों में ही 50 गायें मर चुकी हैं। इसे देखते हुए समाज सेवी संगठन टीम लीफ ने शमशाबाद में आइसोलेशन सेंटर बनाया है, जिसमें छुट्टा मवेशियों का उपचार किया जा रहा है।
टीम लीफ के सदस्य पवन कुशवाहा के मुताबिक पिछले 10 दिनों में लंपी के कारण 50 गोवंश मर चुके हैं। जिन्हें नगरपालिका के बुलडोजर और निजी संसाधनों के माध्यम से दफनाया गया है। कई मवेशी अभी भी बीमारी की चपेट में है। कस्बे में बनाए गए आइसोलेशन केंद्र में इस समय 15 संक्रमित मवेशियों का उपचार किया जा रहा है। टीम लीफ के सदस्यों में जितेंद्र रावत, संस्थापक पवन कुशवाहा, अभिषेक अग्रवाल, चंद्रपाल कुशवाहा, ऋतिक, विजय राठौर, मोहित माहोर, मोनू शर्मा, आकाश कुशवाह, भोला कुशवाहा शामिल हैं।
इस मामले में स्थानीय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीके चौधरी ने बताया कि शमसाबाद कस्बे और देहात क्षेत्र में टीम लगातार टीकाकरण कर रही है। अब तक 17000 टीके लगाए जा चुके हैं। वायरस का प्रकोप इस समय अपने अंतिम चरण में है।
गोभक्तों में आक्रोश
जिला प्रशासन ने लंपी वायरस से गोवंश बचाव के लिए जो दावे किए थे, वो भी धरातल पर नजर नहीं आ रहे। इससे गोभक्तों में आक्रोश है। टीम लीफ के सदस्य पवन कुशवाहा का कहना है कि लंपी वायरस से प्रतिदिन चार से पांच गोवंश मर रहे हैं। उनकी टीम के सदस्य मृत गोवंशों को गड्ढा खुदवाकर दफना रहे हैं। नगर पालिका परिषद के लिपिक रामेंद्र शर्मा का कहना है कि पालिका की जेसीबी किसी दिन चार किसी दिन पांच के गोवंशों को दफनाने के लिए भेजनी पड़ती है।
जिले में 2.83 लाख गोवंश हैं। तीन हजार से अधिक लंपी वायरस की चपेट में आ चुके हैं। शहर में 10 हजार से अधिक गोवंश शहर की गलियों से लेकर सड़कों तक छुट्टा घूम रहे हैं। इनमें कई गोवंश लंपी वायरस से संक्रमित हैं। टीम लीफ का आरोप है कि पशुपालन विभाग की ओर से गोवंश को लंपी वायरस से बचाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा, जिससे गोवंश दम तोड़ रहे हैं।