चांदी कारोबारी से 43 लाख की लूट का मामला: वाणिज्यकर के अधिकारियों पर कार्रवाई, गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश जारी
आरोपी असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार और वाणिज्यकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के बाद उन्हें मिर्जापुर और बांदा अटैच किया गया है।
विस्तार
मथुरा के चांदी कारोबारी को वाणिज्यकर कार्यालय लाकर 43 लाख रुपये लूटने के मामले में गिरफ्तार आरोपी सिपाही को मेरठ कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को जेल भेज दिया गया। वहीं आरोपी वाणिज्यकर के अधिकारियों और निजी गाड़ी के चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। वहीं इस मामले में चार अधिकारियों सहित छह को निलंबित कर दिया गया है।
मथुरा के गोविंद नगर के रहने वाले चांदी कारोबारी प्रदीप अग्रवाल से 30 अप्रैल को वाणिज्यकर कार्यालय लाकर 43 लाख रुपये लूटे गए थे। इसका आरोप वाणिज्य कर के असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार, वाणिज्यकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार, सिपाही संजीव कुमार और प्राइवेट गाड़ी चालक दिनेश कुमार पर था। मुकदमे में चारों के नाम खोल दिए गए।
सोमवार को पुलिस ने बुलंदशहर निवासी सिपाही संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को विवेचक सीओ सदर राजीव कुमार ने उसे एंटी करप्शन स्पेशल कोर्ट मेरठ में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। अधिकारी और निजी गाड़ी का चालक फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
सिपाही ने कबूली कार को रोकने की बात
आरोपी सिपाही संजीव कुमार से एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद और सीओ सदर राजीव कुमार ने कई घंटे पूछताछ की। उसने बताया कि एक कार को रोका था। इसके बाद अधिकारी उसे कार्यालय लेकर आए थे। इसके बाद क्या हुआ, उसे नहीं पता। रुपये किसके पास हैं, इस बारे में कुछ नहीं पता।
आरोपी अधिकारी निलंबित
थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार शुक्रवार को जीएसटी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने केस के संबंध में जानकारी की। उन्हें पता चला कि आरोपी असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार और वाणिज्यकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के बाद उन्हें मिर्जापुर और बांदा अटैच किया गया है। सिपाही गाजियाबाद से ट्रांसफर पर आया था। उसके निलंबन के लिए संबंधित जिले के पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। आरोपी चालक प्राइवेट है। इसलिए उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई संभव नहीं थी। उसे गिरफ्तार किया जाएगा। वह भी घटना में शामिल रहा है।
दो और अफसर और निलंबित
प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार करने वाले वाणिज्यकर अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मथुरा के चांदी के व्यापारी प्रदीप कुमार अग्रवाल से 43 लाख रुपये छीनने के प्रकरण में वाणिज्य कर विभाग के दो और बड़े अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-दो (एसआईबी) डीएन सिंह व ज्वांइट कमिश्नर (एसआईबी) अभिषेक श्रीवास्तव शामिल हैं। अपर मुख्य सचिव वाणिज्य कर संजीव मित्तल ने मंगलवार को दोनों अधिकारियों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया है। बता दें कि इस प्रकरण में पहले भी चार लोगों को निलंबित किया जा चुका है।
संबंधित खबर- चांदी कारोबारी से 43 लाख रुपये हड़पने का मामला: आरोपी सिपाही गिरफ्तार, अधिकारी फरार, पढ़िए पूरा मामला