Janakpuri Mahotsav: मिथला नगरी जैसा होगा जनक महल, पांच दिन चलेगा जनकपुरी महोत्सव; इस दिन निकलेगी राम बरात
जनकपुरी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार मिथिला नगरी के महल जैसा भव्य जनकमहल होगा। जनकपुरी आयोजन समिति पांच दिनों के कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार कर रही है।
विस्तार
आगरा के संजय प्लेस यानि मिथिला नगरी में उत्सव का माहौल है। इस बार जनकपुरी महोत्सव तीन के बजाए पांच दिन तक चलेगा जिसमें हर वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।
जनकपुरी आयोजन समिति पांच दिनों के कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार कर रही है। संजय प्लेस के 108 ब्लॉक और 48 पार्किंग और 360 फ्लैट्स को आयोजन से जोड़ा जाएगा। हर ब्लॉक के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है जिससे जनकपुरी घूमने आने वालों के लिए हर गली और मोड़ पर एक आकर्षण हो। इतना ही नहीं यहां से जुड़े प्रत्येक उद्यमी, व्यापारी और दुकानदार से लेकर ठेल-ढकेल वालों तक को भी भागेदार बनाने की योजना है।
ये भी पढ़ें - बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब: 10 मिनट की दूरी लग रहा ढाई घंटा, ये तस्वीरें कर देंगी हैरान
जनकराज के घर में उत्सव का माहौल
जनकपुरी आयोजन में राजा जनक बने पीएल शर्मा के घर उत्सव का माहौल है। रानी सुनयना के रूप में पत्नी सुमन शर्मा भी वैदेही के स्वयंवर को लेकर उत्साहित हैं। कहती हैं यूं तो जनवरी में बेटी का ब्याह है, उससे पहले भगवान ने हमें जानकी के हाथ पीले करने की जिम्मेदारी सौंपी है। बेटी उमा ने बताया कि पापा जनक की भूमिका में हैं, हम सब बेहद खुश हैं।
देवोत्थान एकादशी पर निर्धन कन्याओं का विवाह
जनकराज बने पीएल शर्मा ने बताया कि जनकपुरी के दौरान पितृपक्ष होने के कारण निर्णय लिया गया है कि रामबरात के बाद देवोत्थान एकादशी पर फिर से एक भव्य जनक महल बनाकर सभी समाज की निर्धन कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। योजना 101 जोड़ों के विवाह की है। सभी को आयोजन समिति की ओर से गृहस्थी का आवश्यक सामान भी उपहार के रूप में दिया जाएगा।