जनकपुरी महोत्सव 2023: अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर सजने लगा आगरा में जनक महल, सज रहे तोरण द्वार
जनकपुरी के रूप में सज रहे संजय प्लेस में10 अलग-अलग स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। हर ओर सियाराम के दर्शन होंगे।
विस्तार
आगरा में जनकपुरी के रूप में सज रहा संजय प्लेस का माहौल धीरे-धीरे मिथिला नगरी में बदलता जा रहा है। दिन भर रामायण की चौपाईयां, दोहे और भजन की गूंज सुनाई दे रही है। जगह-जगह श्रीराम के स्वागत को द्वार और झांकियां सजाई जा रही हैं। 11 अक्तूबर को प्रभु राम सिया का वरण करने जनकपुरी में आएंगे।
होटल पीएल पैलेस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राजा जनक बने पीएल शर्मा व अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जनकपुरी में कुल 10 एलईडी स्क्रीन लगेंगी, जिससे श्रद्धालु हर जगह श्रीराम-जानकी के दर्शन कर सकेंगे। शू मार्केट में झूले व विभिन्न पार्कों में खाने की स्टॉल लगेंगी। इस अवसर पर स्वागताध्यक्ष अनिल वर्मा, बृजमोहन तापड़िया, गजेंद्र शर्मा, अनिल रावत, हीरेन मित्तल, अनिल अग्रवाल, राजू अग्रवाल, विनय मित्तल, केएन अग्निहोत्री, अशोक अरोरा, बृजेंद्र सिंह बघेल, मोहित अग्रवाल, मनीष बंसल, हरिओम, विभू सिंघल, आरएस सेंगर आदि उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें - दो सिपाहियों की कलह: आगरा पुलिस कमिश्नर ने स्वॉट टीम की भंग, पुलिसकर्मियों ने एक दूसरे पर तान दी थी पिस्टल
आज है सीता जी की हल्दी का कार्यक्रम
जनकपुरी में रविवार को पीएल पैलेस की पार्किंग में दोपहर 12 बजे सीता जी (तुलसी) की हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम होगा।
9 अक्तूबर को गणेश जी की सवारी व जनक जी की आमंत्रण यात्रा
सोमवार शाम 5 बजे मिथिला नरेश नगरवासियों को सीताजी के विवाह का आमंत्रण देंगे। आमंत्रण यात्रा में सबसे आगे होगी। श्रीगणेश जी की सवारी होगी।
10 अक्तूबर को गौरी पूजन
शाम 5 बजे सीता जी गौरी पूजन के लिए अपनी सखियों के साथ एचआईजी फ्लैट्स स्थित मंदिर गौरी पूजन के लिए पहुंचेगी।
11 अक्तूबर को बारात स्वागत
श्रीराम तीनों भाईयों व परिवार सहित रथों पर सवार होकर बैंड बाजों संग बारात लेकर जनकपुरी में भ्रमण करते हुए जनक निवास होटल पीएल पैलेस पर पहुंचेंगे, जहां आगवानी व द्वाराचार होगा।
11 अक्तूबर सुबह 11 बजे जनक आवास (पीएल पैलेस) से तुलसी-शालिग्राम की शोभायात्रा निकलेगी। नारायण टावर मंदिर पहुंचेगी पर विवाह की सभी रस्में संपन्न होंगी।
11 अक्तूबर शाम 5 बजे से सियाराम सहित स्वरूपों की यात्रा बैंड बाजों के साथ पीएल पैलेस से घूमते हुए मुख्य मंच पर पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें - यूपी: कौन है प्रखर गर्ग? जिसने हाईकोर्ट में बांके बिहारी कॉरिडोर के लिए 510 करोड़ देने की लगाई अर्जी
12 अक्तूबर को बड़हार
12 अक्तूबर को राजा जनक द्वारा पीएल पैलेस पार्किंग में बड़हार (प्रीतिभोज) की दावत दी गई है।
13 अक्तूबर को विदाई
13 अक्तूबर शाम 5 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम व महाआरती के बाद सीता जी की विदाई होगी।
14 अक्तूबर को समापन समारोह व खाटू श्याम जी की भजन संध्या
14 अक्तूबर को साम 6 बजे सम्मान समारोह के बाद रात 8 बजे से विख्यात भजन गायक मुकेश बागड़ा खाटू श्याम जी की भजन संध्या में भक्ति के सुर बिखेरेंगे।
श्रीराम बारात और जनकपुरी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। इसके लिए आसपास के जिलों से पुलिस बल, पीएसी व अर्ध सैन्य बलों की तैनाती की जाएगी। 10 अक्तूबर को श्रीराम बारात निकाली जाएगी। साथ ही, 11 अक्तूबर से संजय प्लेस में जनकपुरी सजेगी। दोनों आयोजनों के लिए पुलिस बल मंगाया गया है। इसमें ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। वर्दीधारी पुलिस के अलावा सादा कपड़ों में भी पुलिस बल तैनात रहेगा। कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि 10 से 15 अक्तूबर तक चलने वाले दोनों आयोजनों के लिए 10 कंपनी पीएसी-आरएएफ, 2 कंपनी अर्ध सैन्य बल, 11 अपर पुलिस अधीक्षक, 17 पुलिस उपाधीक्षक, 250 महिला उपनिरीक्षक, 1050 पुरुष आरक्षी, 160 मुख्य आरक्षी के अलावा यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। इसके लिए बाहरी जिलों से भी फोर्स मंगाया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।
श्रीराम ने किया अहिल्या का उद्धार
रामलीला मैदान शनिवार को मिथिला नगरी के रूप में सजा था। एक ओर राजकुमारी सीता अपनी सखियों के साथ पुष्प वाटिका में गौरी पूजन के लिए जाती हैं। वहीं दूसरी ओर मुनि विश्वामित्र राम-लक्ष्मण के साथ यज्ञ पूर्ण कर जनकपुरी पहुंचते हैं। वहीं मार्ग में शिला देखकर भगवान राम अहिल्या के उद्धार की लीला का मंचन करते हैं। रामलीला में शनिवार को अन्नपूर्णा महिला समिति की अध्यक्ष कांता माहेश्वरी व सदस्यों ने स्वरूपों की आरती उतारी। रामलीला में रविवार शाम 5 बजे से लाला चन्नोमल की बारादरी से सीता स्वयंवर के लिए देश-विदेश के राजाओं की सवारियां निकलेंगी। शाम 7.30 बजे मंचीय लीला में धनुष यज्ञ और परशुराम संवाद लीला का मंचन होगा।