एटा में मुठभेड़: अंतरजनपदीय गैंग के पांच बदमाश गिरफ्तार, फिरोजाबाद में लूटा था सरिया लदा ट्रक
अंतरजनपदीय गैंग के बदमाश तीन जिलों की पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी में दबोचे गए। पकड़े गए बदमाशों ने फिरोजाबाद में सरिया से लदा ट्रक लूटा था। इसके बाद एटा में वारदात करने आ रहे थे।
विस्तार
एटा के थाना पिलुआ क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस की अंतजनपदीय गैंग के बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। इन बदमाशों ने 13 अक्तूबर को फिरोजाबाद में सरिया लदा ट्रक लूटा था। मुठभेड़ में कोतवाल घायल हुए हैं।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि लूट की वारदात करने जा रहे बदमाश राजकुमार निवासी नगला हरिया थाना सिकंदराराऊ (हाथरस), राशिद अली निवासी खेड़िया थाना एका (फिरोजाबाद), असलम व जाकिर निवासी कस्बा व थाना रोरावर (अलीगढ़) और मुनीर निवासी कुठिला थाना फरिहा (फिरोजाबाद) को गिरफ्तार किया गया है।
दुर्गपाल निवासी राजगढ़ थाना एका फिरोजाबाद और बड़े मियां निवासी अवागढ़ फरार हो गए। बदमाशों से एक स्कार्पियो और एक जयलो कार, दो तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं।
गांव भदवास के पास हुई घेराबंदी
एसएसपी ने बताया कि पिलुआ थाना प्रभारी बेगराम सिंह को सर्विलांस और इंटेलीजेंस टीम ने सूचना दी कि बदमाश कार से लूट की वारदात करने आ रहे हैं। सूचना पर बॉर्डर के गांव भदवास के पास घेराबंदी की गई तो बदमाश हाथरस की ओर भाग गए। रेंज में अलर्ट जारी कराया गया तो हाथरस पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी, इस पर बदमाश वापस एटा की ओर भागे।
भदवास गांव के पास शुक्रवार तड़के करीब चार बजे मुठभेड़ हो गई। कोतवाल ने एक बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश ने छूटकर भागने का प्रयास किया, इसी दौरान दोनों खाई से गिर गए। थाना प्रभारी की पसलियों में चोट लग गई। एक निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया।
42 टन सरिया सहित तीन को फरिहा पुलिस ने पकड़ा
एसएसपी ने बताया कि थाना फरिहा जिला फिरोजाबाद पुलिस ने लूटी गई 42 टन सरिया व ट्रक सहित इसी गैंग के सरगना अनिल उर्फ अडंगा यादव, रवीश और अतेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। सरिया सहित ट्रक शिकोहाबाद क्षेत्र से बुधवार की रात लूटा गया था।