बेवर (मैनपुरी)। इटावा रोड पर मंगलवार रात रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद एक पक्ष के युवकों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने फायरिंग करते युवकों का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इधर, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन इससे पहले ही आरोपी फरार हो गए। मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। बुधवार को फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दो आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
इटावा रोड के निकट निवासी देवेश कुमार का मुन्नू पुत्र हिदायत अली से मंगलवार को रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। है। मंगलवार रात मुन्नू देवेश के घर के बाहर गालीगलौज करने लगा। इस पर देवेश और मुन्नू के बीच कहासुनी हो गई। मुन्नू ने फोन कर अपने साथी फैजी, उवैश, जुनैद उर्फ बाबर और हैदर को मौके पर बुला लिया। मुन्नू पक्ष के लोगों ने देवेश के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान मुन्नू पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में घुस गए। इस दौरान किसी ने फायरिंग करते युवकों की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इधर, फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन इससे पहले ही आरोपी फरार हो गए। देवेश की तहरीर पर पुलिस ने मुन्नू, फैजी, उवैश, जुनैद और हैदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने बुधवार को दबिश देकर फैजी, मुन्नू और हैदर अली को गिरफ्तार कर लिया। इधर, बुधवार को वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दो आरोपियों आशीष और महमूद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया। एसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि देवेश और मुन्नू के बीच दो हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। मुन्नू पक्ष की ओर से फायरिंग की गई थी। पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीन नामजद आरोपियों और वायरल वीडियो से दो आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।