झोलाछाप ने ले ली महिला की जान: गर्भपात के दौरान बिगड़ी हालत, अत्यधिक रक्तस्राव से हो गई मौत
आगरा ले जाते समय रास्ते में मौत होने पर झोलाछाप गाड़ी से चकमा देकर भाग निकला। बाह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
आगरा में बाह के जरार कस्बे में रविवार की रात झोलाछाप की लापरवाही ने रेशमा (21) की जान ले ली। पेट दर्द की शिकायत पर झोलाछाप दंपती ने महिला का गर्भपात करा दिया था। अत्यधिक रक्तस्राव से हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए आगरा ले जाते समय रास्ते में महिला की मौत हो गई। इसके बाद झोलाछाप भाग निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी जांच में जुटी है।
पेट में दर्द होने पर ले गए थे झोलाछाप के पास
जरार के टापू मोहल्ला की रहने वाली रेशमा पत्नी राजू के पेट में दर्द होने पर परिजन रविवार की रात करीब 10 बजे झोलाछाप दंपती के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे थे। परिजन ने पुलिस को बताया कि झोलाछाप ने डेढ़ महीने का गर्भपात कर दिया। इंजेक्शन दवा देकर घर भेज दिया था। अत्यधिक रक्तस्राव से हालत बिगड़ने पर झोलाछाप ने बिजौली में अपने घर पर बुलाया और आगरा ले चलने के लिए कहा। आगरा ले जाते समय रास्ते में मौत होने पर झोलाछाप गाड़ी से चकमा देकर भाग निकला। बाह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ये भी पढ़ें - शादी में बवाल: नाश्ते को लेकर छिड़ी ऐसी बहस, जयमाला से पहले भागा दूल्हा; बिना दुल्हन के लौटी बरात
झोलाछाप की क्लीनिक पर पहुंचे गुस्साए लोग
सोमवार को भी परिजन और बस्ती के गुस्साए लोग झोलाछाप की क्लीनिक पर पहुंचे, लेकिन वहां ताला लटकता मिला। इंस्पेक्टर बाह संजीव शर्मा ने परिजन को तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। बाह सीएचसी के अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर गई थी। क्लीनिक बंद मिला है। मामले में जांच और कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - इंसानियत शर्मसार: वृद्ध महिला पर बिगड़ी आधी से भी कम उम्र के युवक की नियत, हैवानियत की हदें कीं पार
डेढ़ साल की आसमा से छिना मां का साया, गम और गुस्से में परिजन
गढ़ी (हिंडोन) की रेशमा की शादी तीन 3 पहले जरार के राजू के साथ हुई थी। रेशमा की मौत के साथ ही उसकी डेढ़ साल की बेटी आसमा के सिर से मां का साया छिन गया है। जरार पहुंची रेशमा की मां परवीन बेटी का शव देख बेहाल हो गई है। बोली कि अब आसमा की परिवरिश कैसे होगी। उन्होंने रेशमा की मौत के लिए जिम्मेदार झलाछाप को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की। वहीं, बस्ती और परिवार के लोग रेशमा की मौत पर गम में डूबे हैं तो झोलाछाप की हरकत को लेकर भारी गुस्से में भी हैं।