Agra: अंग्रेजी शराब की दुकान के पास चल रहा था अवैध धंधा, पुलिस ने छापा मारा, हुआ बड़ा खुलासा
एत्मादपुर में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास अवैध रूप से शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने छापा मारकर इसका खुलासा किया है। मौके से एक आरोपी भी पकड़ा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एत्मादपुर में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास अवैध रूप से शराब बनाई जा रही थी। यह अवैध धंधा दूसरी दुकान में चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की रात आबकारी और पुलिस की टीम ने छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से अवैध शराब सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। ठेके से भी अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को देख एक आरोपी हुआ फरार
आबकारी निरीक्षक अरुण कुमार और उपनिरीक्षक ललित भाटी ने फोर्स के साथ मंगलवार रात को कस्बा स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के पास स्थित दुकान पर छापा मारा। पुलिस ने दुकान का शटर खोला तो दुकान के पीछे परिसर में दो व्यक्ति हाथ में पेटी पकड़े दिखाई दिए। उनमें से एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भाग गया, जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया। उसके पास से 1.21 लाख रुपये बरामद हुए।
भरतपुर का है पकड़ा गया आरोपी
दुकान से अवैध शराब और उसे बनाने का सामान बरामद हुआ। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम बिपिन कुमार बताया। वह जिला भरतपुर के थाना सेवर के राधानगर का रहने वाला है। फरार साथी का नाम जयवीर निवासी इटावा बताया। पूछताछ में पुलिस को आरोपी ने बताया कि वह, जयवीर और एत्मादपुर विदेशी मदिरा का अनुज्ञापी तेजवंत कालरा इस अवैध कार्य को करते हैं। यदि दुकान में जांच की जाए तो वहां अवैध शराब मिल जाएगी।
दुकान पर बेची रही थी अवैध शराब
पुलिस ने अंग्रेजी शराब की दुकान पर पहुंचकर जांच की। मैनेजर संदीप शर्मा को मौके पर बुलाकर स्टाक रजिस्टर से चेक किया। दुकान में रखे स्टाक को स्कैनर से चेक करने पर शराब की कई बोतलों को इनवैलिड दर्शाया। बताया जाता है कि आरोपी खाली बोतलों में अवैध शराब भरकर इस दुकान की आड़ में बेचते थे। थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अंग्रेजी शराब की दुकान को सील कर दिया गया है।