टूंडला। असामाजिक तत्व आए दिन महापुरुषों की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने का काम कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन निष्क्रीय बना हुआ है। लाइनपार के नगला रामकिशन में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों को पुलिस जल्द गिरफ्तार करे तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन कार्य करे। यह बात जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह ने एसडीएम एकता सिंह को तुलसी का पौधा और ज्ञापन देते हुए कहा।
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि विगत छह अगस्त की रात को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा टूंडला के नगला रामकिशन में आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। जिसके फलस्वरूप स्थानीय दो समाज आमने- सामने आकर झगड़े पर उतारू थे। जानकारी होने पर जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह के नेतृत्व में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराते हुए प्रशासन से ज्ञापन के माध्यम से क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा की स्थापना कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष उमेश सिंह जादौन, सोनू सिंह जादौन, देवेंद्र चौहान, शुभम, गौरव जाटव, ललित तोमर, हेमंत जादौन, राहुल जादौन, इमरान खान, कामुल खान एवं विशाल कुमार आदि का सहयोग रहा।