Agra Weather News: एक सप्ताह से पारा 43 के पार, उल्टी-दस्त से बुरा हाल; इमरजेंसी और बाल रोग वार्ड हुए फुल
Agra Weather News: जिले में एक सप्ताह से लगातार पारा 43 के पार चल रहा है। इससे यहां लोगों का उल्टी-दस्त से बुरा हाल है। यहां एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी और बाल रोग वार्ड फुल हो गए हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में लगातार गर्मी के कारण लोगों की हालत खराब है। उल्टी-दस्त, पेट में दर्द से बुरा हाल है। इससे बच्चे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। गंभीर हाल के बच्चों को भर्ती करना पड़ रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन और बाल रोग विभाग का वार्ड फुल चल रहा है।
20 बेड की अतिरिक्त व्यवस्था की गई
एसएन के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने बताया कि ओपीडी में औसतन रोजाना 220 मरीज आ रहे हैं। पीलिया, डिहाइड्रेशन और एक-दो बच्चों में मलेरिया भी मिल रहा है। हालत गंभीर होने पर औसतन रोजाना 12-15 बच्चे भर्ती कर रहे हैं। इससे इमरजेंसी में 20 बेड और वार्ड के 102 बेड फुल हैं। बढ़ते मरीजों को देखते हुए वार्ड में 20 बेड अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ेंः- मरे हुए पति का बदल दिया बाप: संपत्ति हथियाने के लिए बहू ने रची ऐसी साजिश, हकीकत सुन पुलिस के भी उड़ गए होश
एक सप्ताह से पारा 43 डिग्री के पार
मेडिसिन विभाग के डॉ. अजित चाहर ने बताया कि बीते एक सप्ताह से पारा 43 डिग्री के पार है। इससे लोगों के सिर में दर्द, घबराहट, पसीना आना, भूख कम लगना, पेट में दर्द, अपच और डायरिया की दिक्कत मिल रही है। ओपीडी में रोजाना 450 मरीजों में से 25-30 मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। इमरजेंसी और मेडिसिन वार्ड की लगभग फुल चल रहा है।
यह भी पढ़ेंः- ताजनगरी में यहां मिलता है सुकून: आगरा आए और इन जगहों पर नहीं घूमे तो क्या घूमे, ये हैं बेहतरीन पिकनिक स्पॉट
सीएमओ बोले-लू के अभी दो मरीज मिले
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अभी लू के दो ही मरीज मिले हैं। किसी की भी लू के कारण मौत नहीं हुई है। गर्मी के कारण चक्कर आना, सिर में दर्द समेत अन्य वजह से 62 मरीजों को बृहस्पतिवार को भर्ती कराया गया था। दो दिन में अभी लू का एक भी मरीज नहीं मिला है।