आगरा में दरिंदगी: मासूम चीखी तो आरोपी ने दबाया मुंह, थप्पड़ भी मारे, राहगीर की सतर्कता से बची जान
- बच्ची ने चिल्लाने की कोशिश की तो मुंह दबाकर आवाज बंद कर दी
- सीओ ने कहा, पकड़ा न जाता आरोपी तो बच्ची की जान भी ले सकता था
विस्तार
आगरा में हाथरस जैसी घटना होने से बच गई। यहां एक डिलीवरी ब्वॉय ने 11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। मासूम चीखी तो उसका मुंह दबा दिया, थप्पड़ भी मारे। घटनास्थल के नजदीक से गुजर रहे राहगीर की सतर्कता से आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) ने बताया कि अगर आरोपी वारदात के तुरंत बाद पकड़ा न जाता तो बच्ची की जान ले सकता था।
यह घटना बुधवार रात की है। पीड़ित बच्ची न्यू आगरा थाना क्षेत्र में झोपड़ी में रहती है। आरोपी का नाम नंदन कुमार है। वह डिलीवरी ब्वॉय है। दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजे जाने से पहले आरोपी से हुई पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह न्यू आगरा में खाने की डिलीवरी देने के लिए गया था। वहां बच्ची को झोपड़ी के बाहर खेलता देखा तो बाइक पर बैठाकर ले गया।
संबंधित खबर- घर के बाहर खेल रही 11 साल की बालिका को अगवा कर दुष्कर्म, आरोपी डिलीवरी ब्वॉय गिरफ्तार
बच्ची चलने के लिए तैयार नहीं थी, उससे कहा था कि उसे टच स्क्रीन वाला मोबाइल दिलाएगा। वह उसका अंकल है। इस पर बच्ची साथ जाने को तैयार हो गई। सीओ सदर महेश कुमार ने बताया कि आरोपी नंदन कुमार को समय रहते पकड़ लिया गया, वरना बच्ची की जान को भी खतरा हो सकता था।
राहगीर ने बुलाई पुलिस
बच्ची को झाड़ियों में ले जाता देख शक हुआ शोर मचाकर पुलिस को बुलाने वाले राहगीर ने बताया कि उसने जब देखा कि युवक बच्ची को झाड़ियों में ले जा रहा है तो उसे शक हो गया। इत्तफाक से तभी पुलिस की पीआरवी वहां से गुजरी। पुलिस ने लोगों की मदद से पीछा करके उसे पकड़ लिया। आरोपी को थाना सदर लेकर आए। जानकारी पर बच्ची के परिजन आ गए। पुलिस ने बालिका का मेडिकल कराया।
खाने की डिलीवरी करने गया था
आरोपी नंदन संजय प्लेस की एक चॉकलेट कंपनी की एजेंसी में डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता है, जबकि सदर क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में पार्ट टाइम जॉब कर रहा था। वह शादीशुदा है। उसकी एक बेटी है।
वह खाने की डिलीवरी करने ही न्यू आगरा क्षेत्र गया था। तभी बच्ची मिल गई। आरोपी के खिलाफ सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शराब पी थी। बच्ची ने अपने बयान में घटना की बात कही है।