साहब, मेरा बकरा खो गया, रिपोर्ट दर्ज कर लो
आगरा के बाह थाने में तहरीर लेकर पहुंचे साजिद अली पुत्र शौकत अली ने तहरीर में लिखा कि सोमवार की रात 12 से 2 बजे के बीच उनका बकरा दरवाजे से कोई चुरा ले गया। उसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है। खोजबीन के बाद भी बकरे को सुराग न लगने पर गुमशुदगी दर्ज कराने और बकरे की तलाश करने की गुहार लगाई।
पुलिस ने साजिद अली की फरियाद पर कोई सुनवाई नहीं की और थाने से लौटा दिया। इस पर साजिद का कहना है कि मैं गरीब हूं इसलिए पुलिस उसके बकरे को तलाशने में दिलचस्पी नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मंत्री आजम खां की भैंसों और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया के कुत्ते की तलाश पुलिस कर सकती है तो उनके बकरे की क्यों नहीं। वह इसी उम्मीद के साथ थाने में तहरीर लेकर पहुंचे थे। मगर पुलिस ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।