आगरा में कोरोना: नौ महीने बाद दहाई से नीचे आया नए मरीजों का आंकड़ा, नौ संक्रमित मिले
- मार्च 2020 के बाद पहली बार एक दिन में सबसे कम मरीज मिले
- दिसंबर के बाद जनवरी में संक्रमण की दर में काफी कमी आई
विस्तार
नया साल राहत लेकर आया है। कोरोना वायरस की वैक्सीन आने से पहले ही संक्रमण की दर में काफी कमी आ गई है। आगरा में मार्च 2020 के बाद पहली बार एक दिन में सबसे कम मरीज मिले हैं। सोमवार को कोरोना संक्रमण के महज नौ ही मामले सामने आए।
ताजनगरी में तीन मार्च को पहली बार पांच मरीज कोरोना वायरस के मिले थे। इस महीने में 12 संक्रमित मरीज मिले। अप्रैल से संक्रमण की दर लगातार बढ़ती गई। सितंबर में संक्रमण चरम पर था। दिसंबर में संक्रमण की दर लगातार कम होती गई। जनवरी में और कमी आई।
सोमवार को महज नौ मरीज ही मिले हैं, जबकि 3509 लोगों के नमूनों की जांच की गई। सोमवार को मिले मरीजों में फतेहपुर सीकरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरस्वती नगर और रजरई गांव के हैं। ये तीनों पुरुष हैं। बाकी छह मरीज शहर में मिले हैं।
अब तक 440707 लोगों की जांच
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 440707 लोगों की कोरोना जांच में 10295 संक्रमित मिले हैं। इनमें 9980 मरीज ठीक हो गए हैं। 170 की मौत हो गई। 145 मरीजों का उपचार चल रहा है। स्वस्थ होने की दर 96.94 फीसदी पर पहुंच गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि नमूनों की जांच में कोई कमी नहीं की है। सोमवार को साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों की जांच की गई है। संक्रमण की दर कम होना बड़ी राहत की बात है।
16732 लोगों की हुई स्क्रीनिंग, 22 संदिग्ध मिले
स्वास्थ्य विभाग की 59 टीमों ने दयालबाग, बल्केश्वर, ट्रांस यमुना कॉलोनी, अछनेरा और शाहगंज में 3888 घरों के 16732 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की और रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा जांची। बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी के बारे में भी जानकारी ली। इसमें से 22 संदिग्ध मिले, इनकी कोरोना के लिए नमूने लिए गए हैं।