मैनपुरी कोरोना संक्रमण: व्यवसाई सहित छह मरीजों की मौत, 77 पॉजिटिव मिले
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में 15 दिनबाद जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सौ से नीचे आया है। पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 77 कोरोना संक्रमित मिले।
विस्तार
मैनपुरी में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। पिछले 24 घंटे में कोविड अस्पताल में भर्ती पांच लोगों सहित छह लोगों ने दम तोड़ दिया। कोविड अस्पताल में भर्ती चार संक्रमितों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 190 पहुंच गई है। वहीं कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में 15 दिनबाद जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सौ से नीचे आया है। पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 77 कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8452 पहुंच गई है। आठ संक्रमितों को कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनकी हुई मृत्यु
शहर के मोहल्ला वसंत विहार निवासी 63 वर्षीय महिला, कुर्रा निवासी पूर्व प्रधान 76 वर्षीय महिला, एलाऊ क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी 85 वर्षीय व्यक्ति, शहर के मोहल्ला बाग वृंदावन निवासी 40 वर्षीय महिला और पुरानी कोतवाली के निकट निवासी 34 वर्षीय युवक को कोरोना संक्रमित होने पर कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान बुधवार की रात पांचों की मौत हो गई। कस्बा कुसमरा निवासी प्रमुख व्यवसाई अजय कुमार गुप्ता आठ दिन पूर्व कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनका ग्वालियर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। गुरुवार सुबह ग्वालियर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
15 दिन में पहली बार संक्रमितों को आंकड़ा सौ से नीचे आया
पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक संक्रमित मैनपुरी विकास खंड में मिले यहां कुल 37 संक्रमित पाए गए। वहीं कुरावली विकास खंड में 17, जागीर में सात, किशनी और बेवर में छह-छह, सुल्तानगंज में दो, करहल और बरनाहल विकास खंड में मात्र एक-एक कोरोना संक्रमित पाया गया।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने कहा कि जनपद के लिए राहत भरी खबर है कि अब धीरे-धीरे कोरोना संक्रमितों की संख्या कम हो रही है। पिछले 15 दिन में पहलीबार कोरोना संक्रमितों की संख्या का आंकड़ा 100 से नीचे रहा है। सीएमओ ने आठ संक्रमितों को कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं अन्य को होम आइसोलेट किया है। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों से जांच कराए जाने की अपील की है। होम आइसोलेट लोगों की निगरानी के लिए क्षेत्रीय चिकित्साधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिले में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण हो रहा है। पिछले 15 दिन में पहली बार संक्रमितों की संख्या घटकार सौ से नीचे आई है। सभी लोग कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करें। - डॉ. एके पांडेय, सीएमओ