सावधानी बरतें: इस बार आठ गुना तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण, डराने वाले हैं सात दिन के आंकड़े
आगरा में बीते साल जनवरी में औसतन रोजाना आठ संक्रमित मिल रहे थे, इस वर्ष जनवरी के सात दिन में रोजाना औसतन 65 मरीज मिले हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीसरी लहर में कोरोना वायरस ज्यादा खतरनाक हो गया है। आगरा में संक्रमण की रफ्तार बहुत तेज है। बीते वर्ष पूरे जनवरी माह में 241 मरीज मिले थे, यानी हर दिन आठ संक्रमित मिल रहे थे। अब सात दिन में ही 452 मरीज मिल चुके हैं। इस लिहाज से प्रतिदिन औसत 65 मरीज सामने आए और यह आठ गुना तेजी से बढ़ रहा है। विशेषज्ञ इसकी दर अभी और बढ़ने की आशंका जता रहे हैं।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जीनोम सीक्वेंसिंग में डेल्टा और ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। दोनों वैरिएंट के चलते ही संक्रमण की दर बढ़ी है। 2021 जनवरी कर बात करें तो 31 दिन में 241 संक्रमित मिले थे और 27218 नमूनों की जांच हुई थी।
औसतन 113 नमूनों की जांच में एक संक्रमित मिला। इस साल जनवरी के शुरुआती सात दिन में 454 मरीज मिल चुके हैं, औसतन हर रोज 65 मरीज संक्रमित हैं। इस तरह से पहली लहर के मुकाबले तीसरी लहर में कोरोना संक्रमण की दर करीब आठ गुना अधिक है।
ओमिक्रोन की संक्रमित करने की क्षमता ज्यादा
एसएन के माइक्रो बायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर गोयल ने बताया कि ओमिक्रॉन विदेशों के साथ अपने यहां भी तेजी से फैल रहा है। अभी तक की स्टडी में इसके संक्रमित करने की दर कई गुना है। इसमें लक्षण भी कम या फिर देरी से प्रतीत हो रहे हैं। डेल्टा वैरिएंट भी है, ऐसे में खतरा दोगुना बढ़ गया है।
कम घातक जानकर न बरतें लापरवाही
एसएन की वायरोलॉजी लैब की डॉ. आरती अग्रवाल ने बताया कि ओमिक्रॉन को कम खतरा जानकर लोग लापरवाही बरत रहे हैं, यह घातक होगा। इसमें लक्षण कम नजर भले ही आ रहे हैं, लेकिन संक्रमित की दर अधिक है, अभी यहां शुरूआती दौर है, ऐसे में लोग टीकाकरण कराने के साथ मास्क जरूर लगाएं।
जनवरी 2022 में ऐसे बढे़ संक्रमित
एक जनवरी: 05
दो जनवरी: 28
तीन जनवरी: 33
चार जनवरी: 23
पांच जनवरी: 64
छह जनवरी: 132
सात जनवरी: 169
जनवरी 2021 के सात दिन
एक जनवरी: 19
दो जनवरी: 14
तीन जनवरी: 14
चार जनवरी: 09
पांच जनवरी: 07
छह जनवरी: 18
सात जनवरी: 19
बरतें ये सावधानियां
- त्रिस्तरीय मास्क लगाएं, नाक-मुंह पूरी तरह से ढकें।
- विशेष जरूरत होने पर अस्पताल में इलाज को जाएं।
- सामूहिक समारोहों से बच्चों के साथ दूरी बनाएं।
- जरूरी होने पर पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को मास्क लगाकर ही बाहर भेजें।
- टीके की दोनों खुराक लें, 15-18 साल केे उम्र वालों का भी टीकाकरण करवाएं।
- ड्राई फ्रूटस, फल, चने खाएं, शाम को दूध जरूर पीएं।
- भोजन में हरी सब्जी, दाल, चपाती लें, फास्ट फूड से बचें।