कासगंज। जिला मुख्यालय के शहरी और ग्रामीण इलाके में बिजली संकट कई दिनों से है। गंजडुंडवारा, सोरों, अमांपुर, सहावर, पटियाली आदि इलाकों में भी बिजली कटौती हो रही है। शहर के आवास-विकास और मंडी फीडर में लगातार बिजली का संकट कई दिनों से बना हुआ है। यहां शहरी क्षेत्र के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खामी है। कटौती के अलावा फॉल्ट होने पर भी शट डाउन के कारण बिजली गुल हो जाती है। तीर्थनगरी सोरों में भी बिजली की कटौती बनी हुई है।
कुल 14 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। सुबह 5 बजे से 7 बजे तक। फिर 10 बजे से 12 बजे तक। दोपहर में 2:30 बजे 4:30 बजे तक कटौती हो रही है। इसके अलावा रात में कभी भी आपूर्ति ठप हो जाती है। गंजडुंडवारा में भी 14 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। दिन में और रात में दोनों समय कटौती बनी हुई है। अमांपुर कस्बे में भी ट्रिपिंग और फॉल्ट से बिजली गुल रहती है वहीं कटौती की मार भी वाशिंदे झेल रहे हैं। यही हाल पटियाली में सुबह 4 बजे से 6 बजे तक, फिर 8 बजे से 9 बजे तक, दोपहर में 12 बजे से 2 बजे तक कटौती हो रही है। भीषण गर्मी में यह कटौती वाशिंदों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है।