अमर उजाला स्वास्थ्य अभियान: 92.40 प्रतिशत किशोर लगवा चुके हैं टीके की पहली डोज, इस तरह मजबूत हो रहा सुरक्षा चक्र
जनपद में 12 से 14 साल की आयु के बच्चों के टीकाकरण की गति अब पहले से बढ़ने लगी है। 92.40 प्रतिशत किशोर अपनी पहली डोज लगवा चुके हैं। वहीं, 33 प्रतिशत किशोरों ने दूसरी डोज भी लगवा ली है।
विस्तार
कोरोना के खतरे से बचने के लिए जिला के लोग काफी जागरूक हो चुके हैं। तमाम परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को टीका लगवाकर पूरे परिवार को सुरक्षित कर लिया है। जो अन्य लोगों के लिए मिशाल बन रहे हैं। 18 साल से ऊपर आयु वर्ग की पहली डोज का शत प्रतिशत लक्ष्य जिला में पूरा हो चुका है। 92.40 प्रतिशत किशोर भी अपनी पहली डोज लगवा चुके हैं। 33 प्रतिशत किशोर अपनी दूसरी डोज लगवाकर अपना सुरक्षा चक्र पूरा कर चुके हैं।
जिला में कोरोना की दूसरी लहर में काफी तबाही मचाई थी। इसमें तमाम परिवारों ने अपने को खो दिया। जब कोरोना का टीका लगना शुरू हुआ तो लोगों के मन में तमाम भ्रांतियां रही, लेकिन जल्द ही लोगों की भ्रांतियां दूर हो गई। लोगों ने कोरोना का टीका लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्रों की ओर कदम बढ़ाना शुरू कर दिए, जिसका नतीजा यह निकला कि टीकाकरण की रफ्तार बढ़ गई। अभी टीकाकरण अभियान को शुरू हुए 14 माह का सफर पूरा हुआ है। जिला 18 साल से ऊपर के टीकाकरण का शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर चुका है, जबकि 75 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज भी लग चुकी है।
किशोरों में भी टीकाकरण को उत्साह है। अभी इस आयु वर्ग के टीकाकरण अभियान को शुरू हुए तीन माह का समय भी पूरा नहीं हुआ, जबकि 92.40 प्रतिशत किशोर अपना टीकाकरण करा चुके हैं। वहीं, 33 प्रतिशत किशोरों ने दूसरी डोज भी लगवा ली है। 12 से 14 साल की आयु के बच्चों के टीकाकरण की गति अब पहले से बढ़ने लगी है। पहले दिन मात्र आठ बच्चों ने टीका लगवाया था। अब यह आंकड़ा बढ़कर 350 तक पहुंचने लगा है। परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं ऐसे में बच्चों के टीकाकरण की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद जगी है।
कोरोना टीकाकरण की स्थिति
आयु वर्ग लक्ष्य प्रथम डोज दूसरी डोज
18 साल से ऊपर 10 लाख शत प्रतिशत 7.5 लाख
15 से 17 साल 100765 93110 32739
12 से 14 साल 68122 1551 0
परिवार की सुरक्षा के लिए कोरोना का टीका आवश्यक है। उनके माता-पिता और बच्चों सहित परिवार के सभी सदस्यों को टीका लगवाया जा चुका है। समय के हिसाब से परिवार के सदस्यों को दूसरी एवं बूस्टर डोज भी लगवाई जा चुकी है। - श्याम कुमार वार्ष्णेय, निवासी नदरई गेट कासगंज
कोरोना का टीका लगवाने पर मुझे कोई डर नहीं लगा। पहली डोज लगवाते समय ऐसा लगा मानो चींटी ने काट लिया हो। मैने अपनी दोनों डोज लगवा ली हैं। सभी को कोरोना रोधी टीका अवश्य लगवाना चाहिए, जिससे पूरा परिवार सुरक्षित हो सके। - शौर्य चौहान छात्र, निवासी लवकुश नगर
कोरोना टीकाकरण का 18 साल से ऊपर का लक्ष्य पूरा हो चुका है। दूसरी डोज भी 75 प्रतिशत लोगों को लग चुकी है। किशोर आयु वर्ग का टीकाकरण भी तेजी से चल रहा है। बच्चों की परीक्षा होने से अभी कम टीका लगा है, लेकिन अब परीक्षा समाप्त हो गई है। - डॉ. अंजुश, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी