{"_id":"67e8345ea074c381f7094243","slug":"action-will-be-taken-on-negligence-in-dastak-campaign-mainpuri-news-c-174-1-mt11005-134560-2025-03-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Agra News: दस्तक अभियान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Agra News: दस्तक अभियान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
Sat, 29 Mar 2025 11:26 PM IST
आगरा ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
Updated Sat, 29 Mar 2025 11:26 PM IST
विज्ञापन
मैनपुरी। जिले में एक अप्रैल से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान शुरू होने जा रहा है। इसके तहत अंतर्विभागीय समन्वय समिति, गर्मी और लू से संबंधित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक शनिवार को डीएम ने ली। आदेश दिया कि अभियान के दौरान आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रत्येक घर का भ्रमण कर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी करें। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वायरस जनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य, नगर निकाय, पंचायती राज विभाग के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें। नालियों-गलियों की नियमित रूप से सफाई कराई जाए, शिक्षक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री संयुक्त रूप से अपने क्षेत्र में लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक करें। बीते वर्षों में जिन ग्रामों, क्षेत्रों में डेंगू के मरीज पाए गए हैं। वहां बेहद सतर्कता बरती जाए। एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाए। जल-भराव वाले स्थानों पर जल निकासी के बेहतर प्रबंध किए जाएं, कार्ययोजना बनाकर नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को आदेश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक करें, उक्त विषय पर पोस्टर, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए। मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि उथले हैंडपंपों का लाल रंग से चिन्हीकरण, इंडिया मार्का-2 हैंडपंप, प्लेटफार्म की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी के बीच वाले तालाबों को अपशिष्ट तथा प्रदूषण मुक्त रखने, आवासीय क्षेत्रों के आस-पास छछूंदर, चूहों आदि को नियंत्रित करने, आबादी वाले क्षेत्र से सूकर बाडों को दूर करने, जानवरों के पालन स्थल को स्वच्छ रखने एवं सभी स्तरों पर विभिन्न विभागों से नियमित संपर्क एवं समन्वय स्थापित करें।
विज्ञापन