आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसों में दो लोगों की मौत, तीन घायल, ट्रक पलट कर खाई में गिरा
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को हुए सड़क हादसों में कार और ट्रक चालक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए।
विस्तार
सोमवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक नंबर आरजे 02 जीबी 1558 लखनऊ की ओर जा रहा था। ट्रक में चूना लदा हुआ था। ट्रक को चालक आसिफ खान पुत्र इस्लाम खान निवासी अलवर (राजस्थान) चला रहा था। साथ में परिचालक युसुफ खान पुत्र नसरू खान निवासी अलवर राजस्थान बैठा था।
नींद के कारण हुआ हादसा
माना जा रहा है कि एक्सप्रेसवे के 34.200 माइलस्टोन के समीप चालक को नींद आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे खाई में गिर गया। चालक आसिफ खान ट्रक के नीचे दब गया। उसकी मौत हो गई। परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार चालक की मौत
उधर, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 36वें माइलस्टोन पर लखनऊ से अमृतसर जा रही कार डिवाइडर से टकरा गई। कार अमृतसर के गली तेजा सिंह, हवेली जमादार निवासी चिराग (25) पुत्र संजय महेंदू चला रहा था। संजय कार में बैठे थे। हादसे में चिराग की मौत हो गई। जबकि पिता घायल हो गए।
डौकी थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 0.500 माइलस्टोन पर कानपुर से नोएडा जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार कानपुर निवासी अंकित गुप्ता पुत्र पीसी गुप्ता चला रहा था। गाड़ी के दोनों टायर फट गए। चालक अंकित घायल हो गया।