थाने में बेटे को बचाने आई मां को पुलिसकर्मियों ने मारा धक्का, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिरोजाबाद के थाना उत्तर में बेटे की पिटाई होते देख बचाव को पहुंची बुजुर्ग मां को पुलिसकर्मियों ने धक्का मार दिया। इस कारण वृद्धा जमीन पर गिर कर अचेत हो गई। यहां से सरकारी ट्रामा सेंटर ले जाया गया। डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वृद्धा की मौत पर परिजनों ने शुक्रवार देर रात तक हंगामा किया। सुबह पुलिस अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को समझाने के साथ शव पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान बसपा नेता सहित काफी लोग पहुंच गए।
मोहल्ला सत्यनगर निवासी आकाश (30), उमाशंकर के बीच विवाद हो गया था। सूचना पर डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची थी। आकाश ने पुलिस से कहा था कि उमाशंकर अवैध रूप से शराब बेचता है। इस पर पुलिस उमाशंकर को थाने ले आई।
यह आरोप लगाया
मां ने पुलिस वालों को पीटने से रोका तो मां पुष्पादेवी को धक्का मार दिया। इसके कारण पुष्पादेवी जमीन पर गिरकर अचेत हो गई। वृद्धा पुष्पादेवी को अचेत होते ही पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए। उन्होंने हवालात में बंद किए उमाशंकर को तुरंत बाहर निकालने के साथ पुष्पादेवी को ट्रामा सेंटर भेजा। ट्रामा सेंटर में डाक्टर ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया।
परिजन पुलिस पर महिला की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर रहे थे। हंगामा होने पर एसपी देहात महेंद्र सिंह, सीओ सिटी संजय वर्मा, टूंडला सीओ डा. अरुण कुमार सिंह, एसएचओ दक्षिण प्रवेश कुमार सहित ही काफी फोर्स पहुंचा।
304 में मामला दर्ज
मृतका पुष्पादेवी के बेटे उमाशंकर ने सुबह जहां अपर पुलिस अधीक्षक को थाना पुलिस के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस की पेशबंदी के बीच देर शाम एसएचओ को संबोधित तहरीर में भाषा बदल गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तर के नाम दी तहरीर में पड़ोसी युवक से विवाद के दौरान धक्कामुक्की में मां के बेहोश होने का जिक्र है। कहा गया है कि वो अपनी मां को लेकर थाना उत्तर गया, यहां उनकी तबियत खराब हो जाने के कारण ट्रामा सेंटर में भर्ती करा दिया था। यहां उपचार के दौरान मां की मौत हो गई थी।
आकाश और उमाशंकर के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े को लेकर उमाशंकर अपनी मां पुष्पादेवी, पत्नी त्रिशला के साथ बाइक पर बैठाकर थाने पर गया था। इसी दौरान मां पुष्पादेवी की हालत खराब हो गई थी। उपचार को सरकारी ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह ने कहा कि थाने में बेटे की पिटाई के दौरान बचाने पहुंची मां पुष्पादेवी की मौत के मामले में डीएम नेहा शर्मा ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। डीएम ने कहा कि महिला की मौत पर परिवार के लोग उनसे मिलने आए थे। उन्होंने इस मामले की जांच नगर मजिस्ट्रेट को सौंपी है।
गौरतलब है कि जिले में 10 दिनों के अंदर पुलिस हिरासत में मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 22 नवंबर को थाना मक्खनपुर में एक युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में एसएसपी सचिंद्र पटेल ने एसएचओ थाना मक्खनपुर, एसआई और हेड मोहर्रिर को निलंबित कर दिया है।