Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   18 years since 26/11 Mumbai attacks leaders pay tribute to martyrs what did leaders including Amit Shah say

26/11 मुंबई हमले के 18 साल: जख्म आज भी ताजा, देश कर रहा बलिदानियों को नमन; अमित शाह समेत नेताओं ने क्या कहा?

Thu, 26 Nov 2026 09:42 AM IST
प्रशांत तिवारी एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Thu, 26 Nov 2026 09:42 AM IST
सार

26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर देशभर में शहीदों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई। नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, चश्मदीद छोटू चायवाला ने उस रात की दर्दनाक यादें साझा कीं। मुंबई के लियोपोल्ड कैफे और अन्य जगहों पर मौजूद गोलियों के निशान आज भी 26/11 की भयावहता की गवाही दे रहे हैं।

विज्ञापन
18 years since 26/11 Mumbai attacks leaders pay tribute to martyrs what did leaders including Amit Shah say
26/11 हमला - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को 18 साल बीत चुके हैं, लेकिन उस रात का खौफ आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी, जबकि करीब 300 लोग घायल हुए थे। गुरुवार को हमले की बरसी पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने शहीदों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। मुंबई के अलग-अलग इलाकों में आज भी गोलियों के निशान उस काली रात की याद दिलाते हैं। वहीं, हमले के चश्मदीदों के लिए उस रात को भुला पाना आज भी आसान नहीं है।
विज्ञापन


मुंबई पुलिस मुख्यालय में दी जाएगी शहीदों को श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गुरुवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह 26/11 आतंकी हमले में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों और जान गंवाने वाले आम नागरिकों को श्रद्धांजलि देंगे। फडणवीस ने भी सोशल मीडिया पर शहीदों को याद करते हुए कहा कि मुंबई की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवाने वाले वीर जवानों और निर्दोष नागरिकों को वह नमन करते हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

उज्ज्वल निकम बोले- हमले की साजिश रचने वालों तक पहुंचना अभी बाकी
वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने 26/11 हमले की बरसी पर कहा कि भारत ने आतंकियों को सजा दिलाकर न्यायिक लड़ाई में अहम सफलता हासिल की, लेकिन हमले की पूरी साजिश रचने वालों को सजा दिलाना अब भी एक बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि करीब 18 साल बीत जाने के बाद भी हर भारतीय के मन में यह सवाल है कि वे 10 आतंकी कौन थे, उन्होंने मुंबई को ही क्यों निशाना बनाया और उनका मकसद क्या था। निकम ने कहा कि भारत ने अजमल कसाब को फांसी देकर आतंकवाद के खिलाफ अपना सख्त संदेश दिया। लेकिन सवाल यह है कि क्या हमले की साजिश रचने वालों तक पहुंच पाए हैं? क्या 166 पीड़ितों को पूरा न्याय मिल पाया है? अगर नहीं, तो इसकी वजह क्या है? उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हमले के पीछे मौजूद लोगों को न्याय के कटघरे तक लाना अभी भी जरूरी है।
विज्ञापन

चायवाले की जुबानी 26/11 की खौफनाक रात की कहानी
26/11 हमले के चश्मदीद मोहम्मद तौफीक शेख, जिन्हें लोग 'छोटू चायवाला' के नाम से जानते हैं, ने उस रात का दर्द बयां किया। उनकी सतर्कता की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर कई लोगों की जान बचाने में मदद मिली थी। तौफीक ने बताया कि 18 साल गुजर जाने के बाद भी वह उस रात को भूल नहीं पाए हैं और आज भी ठीक से सो नहीं पाते।

उन्होंने बताया कि घटना के समय वह चाय के पैसे लेने गए थे। स्टेशन पर काफी भीड़ थी। अधिकारियों ने उन्हें बाहर इंतजार करने को कहा, इसलिए वह बाहर खड़े हो गए। तभी अचानक पटाखों जैसी तेज आवाज सुनाई दी। उस समय भारत और इंग्लैंड के बीच क्रिकेट मैच चल रहा था, इसलिए पहले उन्हें लगा कि भारत मैच जीत गया है। लेकिन जब उन्होंने आसपास देखा तो वहां पुलिसकर्मी नहीं थे और लोग जान बचाकर इधर-उधर भाग रहे थे।

तौफीक ने बताया कि उन्होंने लोगों को चिल्लाकर भागने के लिए कहा और गेट बंद करके अधिकारियों को खतरे की जानकारी दी। इसी दौरान एक आतंकी अंदर आया। उन्हें पहले लगा कि वह कोई कमांडो है, लेकिन उसने पंजाबी में गाली देते हुए पीछे हटकर तीन गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली मेज पर लगी, दूसरी से शीशा टूट गया और तीसरी गोली दूसरी तरफ जा लगी। तौफीक ने बताया कि उस समय उन्होंने अपने परिवार को फोन करके कह दिया था कि शायद अब वह जिंदा नहीं बचेंगे।
विज्ञापन

जयशंकर बोले- आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई जारी रहेगी
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी 26/11 हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों और आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने और इस हमले में शामिल लोगों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को भी दोहराया।

योगी आदित्यनाथ बोले- आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 26/11 के शहीदों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए आतंकवाद को मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन बताया। उन्होंने कहा कि भारत पूरी एकजुटता, मजबूत संकल्प और जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ आतंकवाद को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। योगी ने कहा कि मुंबई हमले में जान गंवाने वाले लोगों और देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शहीदों के साहस को किया याद
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुंबई हमले में मारे गए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि जवानों ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए आतंकियों का मुकाबला किया। उनका साहस, त्याग और देश के प्रति समर्पण हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा। देश उनके बलिदान का कर्ज कभी नहीं चुका सकता।

मोहन यादव बोले- देश की एकता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी 26/11 हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि आतंकवाद के खिलाफ हर समय सतर्क और एकजुट रहना जरूरी है। देश की पहचान और अखंडता को बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता ही देश की सुरक्षा की सबसे मजबूत नींव है।

26/11 के शहीदों को किया नमन, आतंकवाद खत्म करने का संकल्प दोहराया
26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद किया। उन्होंने कहा कि आतंकियों के सामने डटकर खड़े रहने वाले पुलिस और सुरक्षाबलों के साहस, वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण को देश हमेशा याद रखेगा। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने दोहराया कि भारत आतंकवाद के हर रूप को खत्म करने के अपने संकल्प पर अडिग है।

'प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन'
26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'वर्ष 2008 में आज ही के दिन मुंबई पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आतंकियों को मुँहतोड़ जवाब देते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन करता हूँ और इस हमले में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। आतंकवाद मानवता के विरुद्ध सबसे जघन्य अपराध है। मोदी सरकार की आतंक के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति की सराहना दुनियाभर में हो रही है। आज भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाते हुए आतंक के हर रूप और हर साजिश के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई कर रहा है।' 

समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे थे 10 आतंकी
26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के 10 आतंकी समुद्र के रास्ते मुंबई में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने शहर के कई प्रमुख स्थानों पर एक के बाद एक हमले किए। आतंकियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन, ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल, लियोपोल्ड कैफे, नरीमन हाउस, कामा अस्पताल और मेट्रो सिनेमा समेत कई जगहों को निशाना बनाया। इन जगहों को पहले से सोच-समझकर चुना गया था, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में आम लोगों के साथ विदेशी नागरिकों की भी आवाजाही रहती थी। 26 नवंबर से शुरू हुआ यह हमला 29 नवंबर तक चला। चार दिनों तक मुंबई दहशत के साये में रही। इस दौरान 166 लोगों की मौत हुई और करीब 300 लोग घायल हुए। सुरक्षा बलों ने नौ आतंकियों को मार गिराया, जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया।

2012 में दी गई थी अजमल कसाब को फांसी
मुंबई हमले में जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब पर मुकदमा चला। मई 2010 में उसे मौत की सजा सुनाई गई। इसके बाद 21 नवंबर 2012 को पुणे की यरवडा जेल में उसे फांसी दे दी गई। कसाब को सजा मिलने के बावजूद हमले की साजिश में शामिल अन्य लोगों को न्याय के कटघरे तक लाने का सवाल आज भी चर्चा में बना हुआ है।

लियोपोल्ड कैफे की दीवारों पर आज भी मौजूद हैं गोलियों के निशान
मुंबई के मशहूर लियोपोल्ड कैफे की दीवारों पर आज भी गोलियों के निशान दिखाई देते हैं। ये निशान उस रात आतंकियों की बर्बरता और लोगों के संघर्ष की कहानी बयां करते हैं। नरीमन हाउस और दक्षिण मुंबई की दूसरी जगहों पर भी हमले की यादें मौजूद हैं। वहीं, आतंकी कसाब को पकड़ने में अहम भूमिका निभाने वाले सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (ASI) तुकाराम ओंबले की प्रतिमा उनके अदम्य साहस और बलिदान की याद दिलाती है। 18 साल बाद भी मुंबई के ये निशान बताते हैं कि कुछ जख्म वक्त के साथ भरते नहीं, बल्कि इतिहास का हिस्सा बन जाते हैं।

26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को मुंबई पुलिस मुख्यालय में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि मुंबई की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों और हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के 10 भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने शहर में कई जगहों पर हमले किए थे। इस आतंकी हमले में विदेशी नागरिकों समेत 166 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस हमले को किसी भारतीय शहर पर हुए सबसे भीषण आतंकी हमलों में से एक माना जाता है। घटना के बाद दुनियाभर में इसकी कड़ी निंदा हुई थी और भारत ने अपनी आतंकवाद निरोधक व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed