डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: 86वें दीक्षांत समारोह में 69 छात्र-छात्राओं को दिए जाएंगे 109 पदक
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 86वें दीक्षांत समारोह का आयोजन 21 दिसंबर को खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगा। इसमें एमबीबीएस फाइनल प्रोफेशनल की छात्रा शिवानी सिंह को सर्वाधिक 13 पदक मिलेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 86वें दीक्षांत समारोह में 69 छात्र-छात्राओं को कुल 109 पदक दिए जाएंगे। इसमें 95 स्वर्ण और 14 रजत पदक हैं। शैक्षणिक सत्र 2019-20 के स्नातक और परास्नातक के 1,04,320 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी जाएंगी। इसमें स्नातक के 91,427 और परास्नातक के 12,893 छात्र-छात्राएं हैं। 93 को एमफिल की उपाधि दी जाएगी। इसके अलावा आठ को डीलिट की उपाधि दी जाएगी। दीक्षांत समारोह 21 दिसंबर को है।
दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में होगा। इसमें पदक पाने वाले छात्रों के अलावा पीएचडी और डीलिट की उपाधि पाने वाले शामिल होंगे। पदक पाने वालों को शुक्रवार को समारोह में शामिल होने के लिए पत्र दिया गया। बाकी छात्र-छात्राएं लिंक के माध्यम से समारोह को ऑनलाइन देख सकेंगे।
17 छात्र-छात्राओं को दो या उससे अधिक पदक
दीक्षांत समारोह में 17 छात्र-छात्राओं को दो या उससे अधिक पदक मिलेंगे। एसएन मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस फाइनल प्रोफेशनल की छात्रा शिवानी सिंह को सर्वाधिक 13 पदक मिलेंगे। इसमें 12 स्वर्ण और एक रजत पदक है। इसके बाद राजकीय कन्या महाविद्यालय, सिरसागंज, फिरोजाबाद की एमए हिंदी अंतिम वर्ष की छात्रा कुमारी उपासना को पांच पदक मिलेंगे।
वहीं, डीएस कॉलेज, अलीगढ़ के एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र दीपक शर्मा और केए पीजी कॉलेज, कासगंज के एमए अर्थशास्त्र अंतिम वर्ष के छात्र उदित माहेश्वरी, महात्मा गांधी बालिका पीजी कॉलेज, फिरोजाबाद की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा नम्रता को चार-चार पदक दिए जाएंगे।
एसएन महाविद्यालय, विनोदपुर, भोगांव, मैनपुरी के बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र दीपांशु शाक्य और श्रीमती शारदा जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय, कासगंज, एटा की लिली राजपूत, विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान संस्थान के एमएसडब्ल्यू के छात्र सोहन को तीन-तीन पदक दिए जाएंगे। इसके अलावा 10 छात्र-छात्राओं को दो-दो पदक मिलेंगे।
छात्राओं के 74, छात्रों के 35 पदक
विश्वविद्यालय के 86वें दीक्षांत समारोह में भी छात्राओं का जलवा रहेगा। 109 में से 74 पदक छात्राओं के खाते में आएंगे। जबकि छात्रों को 35 पदक ही मिलेंगे।
आज दीक्षांत समारोह स्थल का निरीक्षण करेंगे प्रभारी कुलपति
दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में समिति के प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। सभी प्रभारियों ने अपने कार्यों की प्रगति बताई।
प्रभारी कुलपति शनिवार को सुबह 10:30 बजे समितियों के प्रभारियों के साथ दीक्षांत समारोह स्थल का निरीक्षण करेंगे। बैठक में तय किया गया कि शैक्षणिक सत्र 2020-21 का दीक्षांत समारोह तीन से चार माह बाद आयोजित किया जाएगा।
अब सेठ पदमचंद जैन संस्थान के सभागार में बैठेंगे अभिभावक
शीतलहर की स्थिति को देखते हुए पदक धारकों के साथ आने वाले अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था अतिथि गृह के उपवन की जगह सेठ पदमचंद जैन संस्थान के सभागार में की जाएगी। ये कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखेंगे।
रविवार को खुलेंगे कार्यालय व विभाग
दीक्षांत समारोह को देखते हुए रविवार को भी विश्वविद्यालय के विभाग और कार्यालय खुलेंगे। दीक्षांत समारोह से जुड़े कार्य निपटाए जाएंगे। इस संबंध में कुलसचिव की ओर से आदेश जारी किया गया है।