महिला कबड्डी प्रतियोगिता: खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा को हराकर साई धर्मशाला बना विजेता
फाइनल मुकाबला साई धर्मशाला और खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा की टीम में हुआ। साई धर्मशाला 39-21 के अंतर से जीत कर खिताब अपने नाम किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य स्तरीय वरिष्ठ महिला कबड्डी प्रतियोगिता शुक्रवार को बिलासपुर के ऋषि मार्कंडेय मंदिर परिसर के प्रांगण में हुई। इस एक दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला साई धर्मशाला और खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा की टीम में हुआ। साई धर्मशाला 39-21 के अंतर से जीत कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर भाजपा प्रवक्ता श्री नयनादेवी पवन ठाकुर ने मुख्य अतिथि और बंदला पंचायत प्रधान सतीश ठाकुर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। समापन समारोह में राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर माकड़ी पंचायत की पूर्व प्रधान तृप्ता ठाकुर, बिलासपुर जिला कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान दौलत राम ठाकुर, प्रतियोगिता के आयोजन सचिव, प्रदेश रेफरी बोर्ड के कन्वीनर विजय पाल चंदेल, प्रभारी प्रदीप शर्मा, प्रदेश महासचिव कृष्ण लाल, रविंद्र कुमार, प्रदीप ठाकुर और जुखाला पंचायत के उपप्रधान सोनू ठाकुर मौजूद रहे।
कूच बिहार ट्रॉफी: 109 रन पर सिमटा हिमाचल
कूच बिहार क्रिकेट ट्रॉफी में शुक्रवार को बिलासपुर के लुहणू क्रिकेट मैदान में हिमाचल और कर्नाटक के बीच चार दिवसीय मैच शुरू हुआ। कर्नाटक ने टॉस जीता और क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी हिमाचल की टीम की शुरुआत खराब रही। पहला विकेट 16 रन पर गिरा। इसके बाद हिमाचल की टीम 35.4 ओवर में 109 रन पर आलआउट हो गई। हिमाचल की ओर से अर्नव ने 17, अर्पित सिंह ने 28, उज्जवल ने 10, साहिल ने 14 रन बनाए। बाकी कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। कर्नाटक के ईशान ने 5, समर्थ ने 3, धीरज और हार्दिक ने एक-एक विकेट लिया। दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने पांच विकेट खोकर 109 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम के कोच राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ 29 रन और धीरज 30 रन बनाकर नाबाद हैं। हिमाचल की ओर से सचिन शर्मा ने तीन, दक्ष और अक्षित ने एक-एक विकेट लिया है।
इंटर कॉलेज ग्रुप-थ्री में संजौली को तीसरा स्थान
उधर, शिमला के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज ने 2018 के बाद इस बार नादौन कॉलेज में इंटर कॉलेज ग्रुप-थ्री लोकनृत्य की स्पर्धा में स्थान पाया है। इंटर कॉलेज ग्रुप थ्री स्पर्धा में शामिल 55 कॉलेजों में संजौली कॉलेज ने तीसरा स्थान पाया। कॉलेज टीम ने शिक्षक इंचार्ज डाॅ. दीपक कपरेट की अगुवाई में कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. रविंद्र चौहान को उनके कार्यालय में ट्राॅफी सौंपी। इस पर कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. चौहान ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। कॉलेज की ओर से भाग लेने वाली टीम में शामिल विद्यार्थियों में अभिनव ओक्टा, चंद्र ठाकुर, लक्ष्य शर्मा, श्रीनिवास, शीतल ठाकुर और लड़कियों में स्नेहा ठाकुर, सुदीक्षा, सुप्रीया, पूजा नेगी, पायल शर्मा शामिल थी, वहीं गायकों में जतिन, विभूति और विवेक राजटा शामिल रहे।
सुंदरनगर और मंडी कॉलेज पहुंचे फाइनल में
राजकीय महाविद्यालय सोलन में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय की दो दिवसीय वुशू प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। शुभारंभ उच्च शिक्षा के पूर्व अतिरिक्त निदेशक डॉ. प्रमोद चौहान ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए नशे से दूर रहने की सलाह दी। महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्य डॉ. रितु सोनी ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। 48 किलो पुरुष वर्ग में इवनिंग कॉलेज शिमला, वीजीसी मंडी, कोटशेरा कालेज और एमएलएसएम सुंदरनगर ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जबकि 52 किलो वर्ग में मंडी, रामपुर कालेज ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। 56 किलो वर्ग में नूरपुर, कुल्लू, पालमपुर और मंडी ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
इसी तरह महिला वर्ग के मुकाबलों में 45 किलो वर्ग में हमीरपुर, संस्कृत कॉलेज सुंदरनगर, वीजीसी मंडी और एमएलएसएम सुंदरनगर ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जबकि 48 किलो वर्ग में नूरपुर, एमएलएसएम सुंदरनगर, रामपुर, वीजीसी मंडी सेमीफाइनल में पहुंचे। इसी तरह 52 किलोग्राम वर्ग में सोलन, वीजीसी मंडी, रामपुर और संजौली कालेज ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 56 किलो वर्ग में नूरपुर और रामपुर ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 65 किलोग्राम वर्ग में एमएलएसएम सुंदर नगर और वीजीसी मंडी फाइनल में प्रवेश किया और 70 किलोग्राम वर्ग में वीजीसी मंडी और एमएलएसएम सुंदर नगर फाइनल में पहुंचे। इस दौरान हिमाचल प्रदेश वुशू एसोसिएशन के महासचिव पीएन आजाद, उपाध्याय मदन, अंतरराष्ट्रीय रेफरी राकेश हलदर, आयोजन सचिव प्रो. रवि राम, विवि पर्यवेक्षक डॉ. वीरेंद्र, कंडाघाट काॅलेज प्राचार्य डॉ. इंदिरा धरो मौजूद रहे।