वीरभद्र बोले, राज्यपाल को नहीं सरकार भंग करने का हक, धूमल पर ली चुटकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मिलकर हमीरपुर पहुंचते ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की कोशिश के बजाय भाजपा कुछ समय बाद आम चुनावों में दो-दो हाथ करे।
प्रदेश सरकार को भंग करने के लिए विपक्ष के राज्यपाल से मिलने की बात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार को भंग करने का राज्यपाल को न तो कोई हक है और न ही शक्ति। राज्यपाल एक संवैधानिक और प्रतिष्ठित पद पर हैं, उन्हें पार्टीबाजी करना शोभा नहीं देता है।
उन्होंने कहा कि जनता ने चुनकर उन्हें विधानसभा भेजा है और जनता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। वीरभद्र ने कहा कि भाजपा भोरंज की जनता पर कांग्रेस की रैलियों में न आने के लिए दबाव डाल रही है।
जालंधर में छापेमारी पर अमरिंदर सिंह से पूछो
जालंधर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के ठिकानों पर छापेमारी पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि इस बारे में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से पूछना चाहिए। वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
6 बार धीमान को, अब धूमल के पोते को मिलेगा टिकट
मुख्यमंत्री ने एक ही परिवार को टिकट देने पर चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा ने छह चुनावों में पहले आईडी धीमान को टिकट दिया और अब उनके बेटे डॉ. अनिल को। अब आने वाले समय में धूमल के पोते को भी यहां से टिकट मिलने वाला है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी में फेरबदल पर वीरभद्र ने कहा कि संगठन को अब चुस्त-दुरुस्त करने की आवश्यकता है। वह दिल्ली में पार्टी हाईकमान से मिले हैं। हाईकमान ने पूरी हमदर्दी जताते हुए कहा कि वह हर परिस्थिति में उनका सहयोग करेंगे। राष्ट्रीय हाईकमान उनके साथ खड़ा है। कहा कि संपत्ति मामले में तीन एजेंसियों की कार्रवाई में धूमल, अनुराग ठाकुर और अरुण जेटली का ही पूरा हाथ है।
कुछ एनएच को डी-नोटिफाई करने के लिए केंद्र को भेजेंगे प्रस्ताव
सीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद एनएच के कुछ मार्गों को डी-नोटिफाई करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेंगे। उन्होंने कहा कि आबकारी से प्रदेश सरकार को बहुत बड़ा राजस्व मिलता है। लेकिन स्कूल, कॉलेज, मंदिर के आसपास और आबादी में शराब ठेके हरगिज नहीं खोले जाएंगे।