श्रीखंड यात्रा में गए दो श्रद्धालुओं की मौत, एक महिला बही
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला कुल्लू के श्रीखंड महादेव की यात्रा पर निकले दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि किन्नौर के किन्नर कैलाश जाते एक महिला नाला पार करते बह गई। धार्मिक यात्रियों में फंसे सैकड़ों लोगों को रेस्क्यू कर नीचे लाया जा रहा है।
हरियाणा के कालका और लखनऊ निवासी ने श्रीखंड के भीमडवार और पार्वती बाग में ऑक्सीजन की कमी के चलते दम तोड़ दिया। भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने श्रीखंड यात्रा पर रोक लगा दी है।
उधर, किन्नर कैलाश यात्रा पर गई कुमारी संगीता मौरे (42), पिपरी, जिला पुणे (महाराष्ट्र) की श्रद्धालु तांगलिंग नाले में बह गई। महिला अभी लापता है। किन्नर कैलाश में फंसे 251 श्रद्धालुओं को सेना, आईटीबीपी और स्थानीय पुलिस कर्मी रेस्क्यू कर नीचे ला रहे हैं।
प्रशासन ने पंजीकरण बंद कर श्रीखंड यात्रियों को लौटने के निर्देश दे दिए हैं। पिछले 12 दिनों से जारी श्रीखंड यात्रा में अब तक चार श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।
पार्वती बाग और दूसरे ने भीमडवार में दम तोड़ा
पुलिस के अनुसार ज्यूरी-फांचा मार्ग से 10 लोगों का दल श्रीखंड यात्रा के लिए रवाना हुआ था। नयन सरोवर के पास इस दल के दो लोगों की तबीयत खराब हो गई। एक यात्री ने पार्वती बाग और दूसरे ने भीमडवार में दम तोड़ दिया।
ऑक्सीजन की कमी के चलते हरीश कुमार (32), पुत्र सोहन लाल, 334 कुरादी, कालका पंचकूला, हरियाणा और सतरोहन लाल, निवासी सुनेई, कनजेहरा, पोस्ट ऑफिस पक्कास, तहसील मोहनलालगंज, जिला लखनऊ की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू दल घटनास्थल पर रवाना हुआ। खराब मौसम के बीच कड़ी मशक्कत कर दोनों शवों को जाओ पहुंचाया गया है। टीम अभी जाओ में रुकी है। मौसम साफ होने पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए निरमंड अस्पताल पहुंचाया जाएगा।
एसडीएम आनी चेत सिंह ने बताया कि भारी बारिश के चलते यात्रा पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन यात्रा पर गए लोगों को सुरक्षित लाने में जुटा है। डीएसपी आनी रोहित मृगपुरी ने दो श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है।
अभी एक अगस्त से आधिकारिक शुरू होगी किन्नर कैलाश यात्रा
एसडीएम कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि किन्नर कैलाश यात्रा आधिकारिक तौर पर एक अगस्त से शुरू होगी। श्रद्धालु बिना सूचना दिए पहले ही जा रहे हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सख्त हिदायत देते हुए यात्रा पर रोक लगा दी है।। सिमस पंचायत के बराड़ में 10 वर्षीय बच्चे की बाबड़ी में डूबने से मौत हो गई। बच्चा दोस्तों के साथ खेलने गया था
इसी दौरान उसे प्यास लगी और वह पैर फिसलने से बावड़ी में गिर गया। बच्चों ने शोर मचाया तो लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को पानी से निकाला। जोगिंद्रनगर अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।