हिमाचल: सैलानियों से भरी ट्रैवलर पलटी, दो सगी बहनों की मौत
शिमला-दाड़लाघाट मार्ग पर चमाकड़ी पुल के पास ट्रेवलर गाड़ी के पलटने से दो बहनों की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना बुधवार दोपहर करीब 12:20 बजे हुई। गाड़ी दिल्ली से शिमला होते हुए मनाली की तरफ जा रही थी।
गाड़ी में चालक सहित 16 लोग सवार थे। घटना का कारण गाड़ी की ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक ट्रेवलर चालक सत्यप्रकाश पुत्र श्री मुन्नाराम निवासी मोहन गार्डन दिल्ली ने बताया कि वह ट्रेवलर दिल्ली से कुल्लू
मनाली ले जा रहा था। चमाकड़ी पुल के पास ट्रेवलर की ब्रेक फेल होने गाड़ी अनियंत्रित हो गई तथा पहाड़ी से टकराकर पलट गई। चालक ने ब्रेकफेल की सूचना पहले ही सवारियों को दे दी थी ताकि वह संभलकर बैठ जाएं। इससे जानी नुकसान ज्यादा नहीं हुआ।
विशाखापट्टनम के हैं सभी पर्यटक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और 108 को दी। दोनों टीमों ने मौके पर पहुंच कर लोगों की सहायता से घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इसमें दो बहनें टी सुधा (28) और टी अल्मपल्ली सुनीता (23) की मौके पर मौत हो गई थी। अन्य गंभीर रूप से घायलों को अर्की अस्पताल पहुंचाया गया।
नवीन कुमार, जयश्री, मनहर अखिल, वरनीथा, इंदिरा, हर्षातिरेक, भरत और गौतम को अर्की अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी दाड़ला नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सभी पर्यटक विशाखापट्टनम के हैं। पोस्टमार्टम करने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिया जाएंगे।