हिमाचल: अनुबंध पटवारियों की वरिष्ठता सूची नहीं बनने पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी और हैरानी जताई
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि यह बेहद आश्चर्यजनक है कि राजस्व विभाग ने भू-अभिलेख निदेशक के दिशा-निर्देशों के इंतजार में अभी तक पटवारियों की वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप नहीं दिया है। मामले की अगली सुनाई 11 दिसंबर को होगी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2018 और 2021 में अनुबंध पर भर्ती हुए पटवारियों की वरिष्ठता सूची अब तक अंतिम रूप न लेने पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी और हैरानी जताई है। न्यायाधीश ज्योत्स्ना रिवाल दुआ की अदालत ने भू-अभिलेख निदेशक, शिमला को अपना पक्ष और जरूरी दिशा-निर्देश रिकॉर्ड पर रखने के आदेश दिए हैं। अगली सुनाई 11 दिसंबर को होगी। अदालत ने उप महाधिवक्ता को निर्देश दिए कि याचिकाकर्ताओं की शिकायत के निवारण के लिए अगली सुनवाई पर प्रतिवादी भू-अभिलेख निदेशक का पक्ष और निर्देश स्पष्ट किए जाएं। पीठ ने अपने आदेश में कहा कि यह बेहद आश्चर्यजनक है कि राजस्व विभाग ने भू-अभिलेख निदेशक के दिशा-निर्देशों के इंतजार में अभी तक वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप नहीं दिया है। अदालत ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद भू-अभिलेख निदेशक के कार्यालय से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
यह है पूरा मामला
याचिकाकर्ता वीरेंद्र कुमार और अन्य पटवारियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें मांग की है कि उनकी अस्थायी वरिष्ठता सूची को जल्द फाइनल किया जाए। मामले की पिछली सुनवाई 23 नवंबर को हुई थी। इस दौरान सरकार की ओर से कांगड़ा मंडल (धर्मशाला) के बंदोबस्त अधिकारी की रिपोर्ट अदालत में पेश की गई। इसी रिपोर्ट से वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देने में हो रही देरी की असली वजह सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार विभाग ने 12 मार्च 2024 को वर्ष 2018 और 2021 बैच के अनुबंध पटवारियों की एक अस्थायी वरिष्ठता सूची जारी की थी। यह सूची ट्रेनिंग पूरी होने के बाद हुई परीक्षा में मिले अंकों यानी मेरिट के आधार पर तैयार की गई थी। हालांकि कुछ पटवारियों ने इस सूची पर कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि वरिष्ठता सूची पटवारी भर्ती एवं पदोन्नति नियम-2013 के प्रावधानों के मुताबिक यानी भर्ती के लिए उम्मीदवारी की तारीख के आधार पर बननी चाहिए, न कि परीक्षा के अंकों के आधार पर। सरकार ने अदालत को बताया कि भू-अभिलेख निदेशक के पुराने पत्र (10 अक्तूबर 2017) और 2013 के भर्ती नियमों में अंतर है। इसी तकनीकी उलझन को सुलझाने के लिए भू-अभिलेख निदेशक से मार्गदर्शन मांगा था, लेकिन वहां से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
नियमितीकरण का हक तभी जब नीति की शर्तें पूरी हों : हाईकोर्ट
प्रदेश हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण का अधिकार तभी बनता है, जब कर्मचारी संबंधित नीति के तहत निर्धारित सेवा अवधि और सभी आवश्यक शर्तें पूरी करता हो। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने वन विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़े एकल पीठ के फैसले को रद्द कर दिया है। अदालत ने राज्य सरकार की अपीलें स्वीकार करते हुए दोनों मामलों को नए सिरे से सुनवाई के लिए वापस भेज दिया है। सुनवाई के दौरान सरकार ने दलील दी कि विभाग ने एक कर्मचारी का दावा 14 अक्टूबर 2019 और दूसरे का 24 जून 2024 को खारिज कर दिया था। दोनों कर्मचारी नियमितीकरण नीति के तहत निर्धारित कार्यदिवस पूरे नहीं कर पाए थे और उन्होंने अस्वीकृति आदेशों को चुनौती भी नहीं दी थी। खंडपीठ ने पाया कि एकल पीठ ने कार्यदिवसों का पूरा ब्योरा रिकॉर्ड पर न होने की बात कही थी, जबकि सरकार ने अपने जवाब के साथ इसका विस्तृत चार्ट पहले ही पेश कर दिया था। मामला वन विभाग में कार्यरत पवन कुमार और शिव कुमार की याचिकाओं से जुड़ा है। दोनों कर्मचारियों ने सेवाएं नियमित करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इस पर 27 फरवरी 2025 को एकल पीठ ने कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए भुगतान के तरीके और पद के नाम के बजाय पूरी सेवा अवधि के आधार पर नियमितीकरण पर विचार करने के आदेश दिए थे। राज्य सरकार ने इस फैसले को खंडपीठ में चुनौती दी थी।
