भारत-पाक मैच के चलते हिमाचल के बाजारों में रहा सन्नाटा
शिमला, धर्मशाला, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन केंद्रों में भी शाम के समय रोजाना से कम ही लोग नजर आए। जो भी दिख रहे थे उनके हाथ में मोबाइल फोन ही थे। यहां तक कि रोहतांग दर्रे पर भी लोगों ने इकलौते जिओ के सिगनल का फायदा उठाया।
मैच देखने के लिए सड़क पर ही बैठ गए
सोलन में जो व्यापारी रविवार को दुकानें खुली रखते थे वह बंद नजर आईं। शिमला के माल रोड पर एक शोरूम के बाहर लोग तसल्ली से मैच देखने के लिए सड़क पर ही बैठ गए। पुरुष ही नहीं महिलाएं और बच्चे भी टीवी स्क्रीन के सामने घंटों खड़े रहे।
जैसे ही टीम इंडिया के खिलाड़ी चौका या छक्का लगाते भारत माता के जयकारे गूंज उठते। रोहित के शतक पर सीटियां भी बजीं। रिज की बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच न दिखाने पर स्थानीय लोग और पर्यटक कुछ नाराज भी दिखे। अकसर शाम के समय खचाखच भरी रहने वाली राजधानी शिमला की निजी बसें खाली ही नजर आईं।