इराक पीड़ित परिवार को चेक देने पहुंचे SDM, परिजनों ने रखी ये मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इराक के मोसुल में आतंकियों द्वारा बंधक बनाकर मौत के घाट उतारे गए देहरा विधानसभा क्षेत्र के कदरेटी गांव के इंद्रजीत, फतेहपुर के धमेटा के संदीप और धर्मशाला के पास्सू गांव के अमन के परिवारों को सरकार ने 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद के चेक दे दिए हैं।
देहरा के एसडीएम धनवीर ठाकुर ने कदरेटी में इंद्रजीत की मां को चेक दिया लेकिन पिता परदेसी राम ने लेने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले घर के एक सदस्य को सरकार नौकरी दे, तभी चेक लेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपने नागरिकों के हितों को देखते हुए पीड़ित परिवारों को वर्ष 2014 से हर महीने 20 हजार रुपये सहायता के तौर पर दे रही है। जबकि, हिमाचल सरकार ने आज तक चारों परिवारों को फूटी कौड़ी तक नहीं दी।
परिवार के सदस्य को मांगी नौकरी
यह तक जानने की कोशिश नहीं कि पीड़ित परिवार किस तरह से गुजारा कर रहे हैं। एसडीएम देहरा ने घर वालों को समझाया कि इस बारे में उनकी बात सरकार के समक्ष रखी जाएगी। इसके बाद परदेसी राम ने सीएम जयराम की ओर से एसडीएम के माध्यम से भेजा गया राहत राशि का चेक लिया।
परदेसी राम ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा। एसडीएम फतेहपुर बलवान सिंह ने धमेटा के संदीप सिंह राणा के परिजनों को चेक दिया। जिला उपायुक्त संदीप कुमार ने फोन पर परिजनों से बात भी की। सांसद शांता कुमार ने भी एसडीएम फतेहपुर के माध्यम से चिट्ठी लिखकर पीड़ित परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
कहा कि जल्द से जल्द संदीप व अन्य साथियों के पार्थिव अवशेष भारत लाने के लिए केंद्र व राज्य सरकारें प्रयास कर रही हैं। धर्मशाला के पास्सू गांव के अमन कुमार के परिवार को डीसी कांगड़ा संदीप कुमार ने खुद जाकर राहत राशि का चेक सौंपा।