राइट और लेफ्ट ब्रेन का एक साथ इस्तेमाल करना सीखेंगे स्कूली बच्चे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में नौवीं से जमा दो कक्षा के विद्यार्थी राइट और लेफ्ट ब्रेन का इस्तेमाल एक साथ करना सीखेंगे। देश में पहली बार हिमाचल में न्यूरो साइंस एंड मैटालर्निंग विषय पढ़ाया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने इसी साल नया वैकल्पिक विषय शुरू करने की तैयारी की है। इसका सिलेबस तैयार हो चुका है। प्रदेश सरकार और स्कूल शिक्षा बोर्ड से भी मंजूरी मिल गई है।
शिक्षा विभाग की राज्य परियोजना मूल्यांकन एवं नवीन प्रयास इकाई ने नया विषय शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। विदेशों में कुछ स्कूलों में न्यूरो साइंस एंड मैटालर्निंग विषय पढ़ाया जा रहा है। अब हिमाचल के सरकारी स्कूलों में इस विषय को पढ़ाने की तैयारी है।
राज्य परियोजना मूल्यांकन एवं नवीन प्रयास इकाई के परियोजना निदेशक शक्ति भूषण ने बताया कि प्रस्ताव सिरे चढ़ता है तो वैदिक तकनीक से राइट एंड लेफ्ट ब्रेन का पूरा इस्तेमाल करने की विद्यार्थियों को शिक्षा दी जाएगी। विषय को पढ़ाने के लिए योग की सहायता ली जाएगी।
शिमला में 11 मई को होगी कार्यशाला
उन्होंने बताया कि राइट हैंड से लिखने वाले लेफ्ट ब्रेन और लेफ्ट हैंड से लिखने वाले राइट ब्रेन का इस्तेमाल करते हैं। बहुत कम लोग दोनों हाथों का इस्तेमाल करते हैं। इसी तरह बहुत कम लोग राइट और लेफ्ट ब्रेन का इस्तेमाल करते हैं।
इस विषय को शुरू कर मस्तिष्क को विकसित करने और क्षमता बढ़ाने के विद्यार्थियों को तरीके समझाए जाएंगे। विषय पढ़ाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक दायित्व और सेक्स एजूकेशन के बारे में भी बताया जाएगा।
न्यूरो साइंस एंड मैटालर्निंग विषय शुरू करवाने के लिए राज्य परियोजना मूल्यांकन एवं नवीन प्रयास इकाई 11 मई को राजधानी शिमला में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के लिए कार्यशाला आयोजित करेगी। शिक्षा सचिव सहित निदेशकों को विषय से संबंधित प्रस्तुति दी जाएगी।