अब मिलना मुश्किल हो जाएगी दलाईलामा की जादू की झप्पी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाल ही में बीमार होने के बाद दिल्ली में इलाज करवाकर धर्मशाला लौटे धर्मगुरु दलाईलामा की अनुयायियों के साथ मिलने की प्रक्रिया में बदलाव कर दिया गया है। दलाईलामा की टीम ने बैठक करने के बाद यह निर्णय लिया है।
दलाईलामा से मिलने वाले अनुयायी अब पहले की तरह धर्मगुरु का हाथ पकड़कर या सिर मिलाकर नहीं मिल सकेंगे। दलाईलामा अब अपने अनुयायियों को सामने बैठाकर एकसाथ प्रवचन देंगे। हालांकि, महत्वपूर्ण वन टू वन बैठकों में यह नियम लागू नहीं होगा।
यह नियम पब्लिक मीटिंग के लिए लागू होगा। वर्तमान में पब्लिक मीटिंग के दौरान दलाईलामा अपने निवास के बाहर आंगन में लोगों से मिलते हैं। कई महीनों या दिनों के इंतजार के बाद दुनिया भर से पहुंचे अनुयायी उनसे मिलने के लिए लाइनों में लगे होते हैं।
अनुयायियों से ऐसे मिलते हैं दलाईलामा
दलाईलामा बारी-बारी से लाइनों में लगे अनुयायियों से मिलते हैं। इस दौरान दलाईलामा अनुयायियों का हाथ पकड़कर फोटो खिंचवाते हैं। कभी कभी जादू की झप्पी भी दे देते हैं। दीवार पर टंगी फोटो, फेसबुक, व्हाट्सएप की प्रोफाइल पर यह पल अनुयायियों के लिए यादगार बन जाता है।
लेकिन, सेहत नासाज रहने के चलते अब अनुयायियों से मिलने की इस प्रथा को छोटा कर दिया गया है। हालांकि, दलाईलामा दफ्तर के सचिव सेटन ने इस तरह के नए नियम बनाने की बात से इनकार किया है।
उन्होंने कहा कि दलाईलामा अब बिल्कुल स्वस्थ हैं। उधर, सुरक्षा एजेंसी के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्वास्थ्य कारणों के चलते दलाईलामा से मिलने वाले अनुयायियों और बैठकों के लिए नए नियम बनाए गए हैं।