हिमाचल में 25 साल बाद 2019 के जनवरी और फरवरी महीने में रिकॉर्ड बारिश दर्ज हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार दो माह के दौरान प्रदेश में 280 मिलीमीटर पानी बरसा है।
जनवरी-फरवरी महीने में सामान्य से 43 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। फरवरी महीने में ही प्रदेश भर में सामान्य से 98 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि केंद्र में मौजूद रिकार्ड के अनुसार बीते 25 सालों में इन दो माह के दौरान इतनी अधिक बारिश नहीं हुई है।
प्रदेश के ऊना जिला में सबसे अधिक सामान्य से 183 फीसदी ज्यादा, हमीरपुर में 119, बिलासपुर में 76, चंबा में 41, कांगड़ा में 94, किन्नौर में 13, कुल्लू में 103, लाहौल एवं स्पीति में 12, मंडी में 101, शिमला में 58, सिरमौर में 80 और सोलन में सामान्य से 43 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।
इन दो माह के दौरान प्रदेश में सामान्य बारिश 195 मिलीमीटर मानी गई है जबकि इस साल 280 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। जनवरी महीने में इस साल सामान्य से 12 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई।
मौसम केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि इस साल विंटर सीजन के दौरान 13 बार बर्फबारी हुई है। शिमला शहर में जनवरी महीने के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 और फरवरी में माइनस 2.4 दर्ज हुआ।