तीन नेताओं को स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर करने पर राहुल नाराज, मांगा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची से तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू, विप्लव ठाकुर और कौल सिंह ठाकुर को बाहर करने पर राहुल गांधी नाराज हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल से इस बारे में जवाब मांगा है।
माना जा रहा है कि पार्टी की अंदरूनी लड़ाई दूर करने के लिहाज से हाईकमान मामले में सख्त कार्रवाई के मूड में है। स्टार प्रचारक कमेटी के अध्यक्ष वीरभद्र सिंह हैं। सूची से बाहर तीनों नेता वीरभद्र सिंह के राजनीतिक धुर विरोधी रहे हैं।
सुक्खू और वीरभद्र के बीच टकराव अभी भी सार्वजनिक मंचों पर दिख रहा है। स्टार प्रचारक सूची पर नजर डालें तो 40 में से 17 नाम हिमाचल के नेताओं के हैं। हैरत की बात यह है कि 17 में से भी 10 नेताओं के नाम शिमला संसदीय क्षेत्र से हैं।
स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल एक नेता तो जिला परिषद का चुनाव हार चुके हैं। स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल अधिकतर नेता सामान्य पदाधिकारी हैं जिनकी जिला के बाहर ज्यादा पहचान नहीं है।
कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से जीएस बाली-सुधीर शर्मा-आशा कुमारी, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से मुकेश अग्निहोत्री-राजेश धर्माणी, मंडी संसदीय संसदीय क्षेत्र से पंडित सुखराम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।
हाईकमान से कोई नोटिस आने से इंकार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर के राजनीतिक सचिव हरिकृष्ण हिमराल ने एआईसीसी से प्रदेश कांग्रेस को कोई नोटिस आने से इंकार किया है। हिमराल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने पांच पूर्व अध्यक्षों को स्टार प्रचारक बनाने को प्रस्ताव भेजा था। एआईसीसी ने स्टार प्रचारकों की सूची फाइनल करके भेजी है।
शिमला संसदीय क्षेत्र से ये 10 नाम
स्टार प्रचारकों की सूची में शिमला संसदीय क्षेत्र से पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर, शिमला संसदीय क्षेत्र के महासचिव रजनीश किमटा, शिमला संसदीय क्षेत्र की महिला कांग्रेस प्रभारी जैनब चंदेल, पीसीसी सचिव हरिकृष्ण हिमरल और धर्मेंद्र, नगर निगम शिमला के पार्षद राकेश चौहान, शिमला ग्रामीण के जिला अध्यक्ष यशपाल तनैक, शिमला संसदीय क्षेत्र के उपाध्यक्ष कैलाश पराशर, नाहन से पूर्व विधायक कंवर अजय बहादुर शामिल हैं।