{"_id":"5972d0904f1c1beb7f8b45b4","slug":"prem-kumar-dhumal-target-hp-govt-on-kotkhai-gangrape-and-murder-case","type":"story","status":"publish","title_hn":"'गुड़िया केस को जितना दबाया जा रहा उतने तथ्य आ रहे सामने'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'गुड़िया केस को जितना दबाया जा रहा उतने तथ्य आ रहे सामने'
ब्यूरो/अमर उजाला, हमीरपुर
Updated Sat, 22 Jul 2017 09:42 AM IST
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि सरकार गुड़िया मामले को दबाने का जितना ज्यादा जोर लगा रही है, उतने ही नए तथ्य सामने आते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के फेसबुक अकाउंट में आरोपियों के फोटो डालने और फिर आनन फानन हटाने के क्रम से सरकार की मंशा सामने आ गई थी। इस पर एक आरोपी की लॉकअप में हत्या ने सरकार की पोल को खोल दिया।
विज्ञापन
धूमल हमीरपुर के गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले में जिन लोगों को पकड़ा गया था, उनमें से एक गवाही देने को तैयार हो गया था। उसको उसी व्यक्ति के साथ पुलिस सेल में रखा गया, जिसके खिलाफ उसने गवाही देनी थी। ऐसे में पुलिस बंदीगृह में उसकी हत्या हुई।
विज्ञापन
ताजा घटनाक्रम में मृतक सूरज की पत्नी के बयान भी पुलिस और सरकार को संदेह के घेरे में खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नए नए खुलासे हो रहे हैं, उससे स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों के उस शक को बल मिल रहा है, जिसमें हत्या के पीछे कुछ और लोगों के हाथ की आशंका जताई जा रही थी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में सरकार की संदेहास्पद भूमिका रही है। इसे देखते हुए सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। प्रदेश सरकार की जगह अब राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच में असली अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ कर सजा दिलवाई जानी चाहिए।