{"_id":"6b084d910673cc6339092784","slug":"major-achievement-first-ever-open-heart-surgery-performed-at-aiims-bilaspur-hole-in-11-year-old-child-s-hear-2026-11-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"बड़ी उपलब्धि: एम्स बिलासपुर में पहली बार हुई ओपन हार्ट सर्जरी, 11 साल के बच्चे के दिल का छेद किया बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बड़ी उपलब्धि: एम्स बिलासपुर में पहली बार हुई ओपन हार्ट सर्जरी, 11 साल के बच्चे के दिल का छेद किया बंद
Thu, 26 Nov 2026 08:47 PM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर।
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर।
Published by: Krishan Singh
Updated Thu, 26 Nov 2026 08:47 PM IST
सार
एम्स बिलासपुर में पहली बार 11 वर्षीय बच्चे की ओपन हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। एम्स में कार्डियक सर्जरी सेवाओं की शुरुआत की दिशा में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
विज्ञापन
एम्स बिलासपुर में पहली बार हुई ओपन हार्ट सर्जरी।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
एम्स बिलासपुर ने हृदय शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में पहली बार 11 वर्षीय बच्चे की ओपन हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। बच्चा जन्मजात हृदय रोग एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट (एएसडी) से पीड़ित था। इस बीमारी में हृदय के दो कक्षों के बीच असामान्य छेद होता है। चिकित्सकों की टीम ने सर्जरी कर इस छेद को बंद किया। एम्स बिलासपुर में कार्डियक सर्जरी सेवाओं की शुरुआत की दिशा में इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।एम्स के कार्डियोथोरेसिक सर्जरी विभाग ने इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया।
विज्ञापन
इसमें कार्डियोलॉजी, एनेस्थीसियोलॉजी, परफ्यूजन, नर्सिंग और ऑपरेशन थिएटर की टीमों ने भी समन्वय के साथ काम किया। विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों और स्वास्थ्य कर्मियों के सामूहिक प्रयास से सर्जरी सफल रही। इस उपलब्धि से संस्थान में उन्नत हृदय शल्य चिकित्सा सेवाएं विकसित करने की क्षमता भी सामने आई है। एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट एक जन्मजात हृदय रोग है। इसमें दिल के दो ऊपरी कक्षों के बीच की दीवार में असामान्य छेद होता है। इसके कारण हृदय के कक्षों के बीच रक्त का प्रवाह सामान्य नहीं रहता।
विज्ञापन
यदि समय रहते इसका उपचार न किया जाए तो आगे चलकर कई तरह की जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। जिन मरीजों में चिकित्सकीय रूप से सर्जरी की आवश्यकता होती है, उनमें ऑपरेशन के माध्यम से इस छेद को बंद किया जाता है। कार्डियक सर्जरी चिकित्सा क्षेत्र की जटिल और संसाधन आधारित प्रक्रियाओं में शामिल है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, विशेष चिकित्सा ढांचे, आधुनिक उपकरणों और ऑपरेशन से पहले तथा बाद में विशेष देखभाल की जरूरत होती है। एम्स बिलासपुर में पहली बार इस तरह की सर्जरी का सफल होना संस्थान में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम है।
विज्ञापन
इस सुविधा के विकसित होने से हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के जन्मजात और अन्य हृदय रोगों से पीड़ित मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अब ऐसे मरीजों को उन्नत हृदय शल्य चिकित्सा के लिए दूर स्थित बड़े चिकित्सा संस्थानों तक जाने की जरूरत कम हो सकेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों का यात्रा खर्च, समय और मानसिक परेशानी भी कम होगी। एम्स प्रबंधन के अनुसार, संस्थान के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह के नेतृत्व में प्रशासन, संकाय सदस्यों और स्वास्थ्य कर्मियों के निरंतर प्रयासों से उन्नत चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पहली ओपन हार्ट सर्जरी की सफलता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
