हिमाचल में विस चुनाव से पहले पीएम मोदी करेंगे चार रैलियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में भी भाजपा यूपी और उत्तराखंड के फार्मूले पर काम करेगी। ग्राउंड पर होमवर्क पूरा करने के बाद पार्टी चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चारों संसदीय क्षेत्रों में रैलियां कराने की योजना पर काम कर रही है। ये रैलियां जून महीने के बाद हो सकती हैं। पीएम ने मंडी और शिमला में दो रैलियां की हैं, लेकिन चुनावी रैलियां इनसे अलग होंगी।
प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए भाजपा ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से कार्ययोजना पर चर्चा के बाद प्रदेश भाजपा इसे पीएमओ को भेजेगी। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा एवं मणिपुर के फार्मूले को हिमाचल में अपनाने जा रही है।
योजना के तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के बाद जिला, मंडल स्तर पर होमवर्क पूरा करने के साथ कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। लोगों से संपर्क स्थापित करने के बाद पीएम मोदी की चारों संसदीय क्षेत्रों में रैलियां कराकर हिमाचल में भी भाजपा की हवा बनाने की योजना पर काम हो रहा है।
कई दिग्गज आएंगे हिमाचल
अमित शाह के पालमपुर दौरे को इसी रणनीति का हिस्सा माना है। वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों का मानना है कि कांगड़ा के बाद अमित शाह मंडी और शिमला संसदीय क्षेत्रों में भी इसी तरह बैठकें करेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी दो बार हिमाचल आए हैं।
भाजपा हिमाचल के चारों संसदीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैलियां करवाएगी। इसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है। हिमाचल में सत्ता हासिल करने के लिए कई वरिष्ठ भाजपा नेता हिमाचल आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के बाद राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, वेंकैया नायडू जैसे वरिष्ठ नेता हिमाचल आएंगे।