हिमाचल प्रदेश: मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसरों की छुट्टियों पर रोक, फैसले का विरोध शुरू
छुट्टियों पर लगाई गई रोक पदोन्नति और सीधी भर्ती दोनों माध्यमों से नियुक्त सहायक प्रोफेसरों पर लागू होगी। वहीं सरकार के इस फैसले का मेडिकल कॉलेजों के सहायक प्रोफेसरों ने विरोध शुरू कर दिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में एक अप्रैल 2026 के बाद पदोन्नत और सीधी भर्ती से नियुक्त सहायक प्रोफेसरों की छुट्टियों पर सरकार ने रोक लगा दी है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर संशोधित शेड्यूल तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। सरकार के इस फैसले का मेडिकल कॉलेजों के सहायक प्रोफेसरों ने विरोध शुरू कर दिया है। जारी आदेशों के अनुसार इसके दायरे में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी चमियाना, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा सहित प्रदेश के अन्य सरकारी चिकित्सा संस्थानों में तैनात सहायक प्रोफेसर आएंगे।
फैकल्टी एसोसिएशन ने जताया विरोध
गौरतलब है कि इससे पहले सहायक प्रोफेसरों को अप्रैल और दिसंबर-जनवरी के दौरान छुट्टियां मिलती थीं। नए आदेशों के बाद इन छुट्टियों की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार की ओर से जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि संशोधित व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी चमियाना की फैकल्टी एसोसिएशन ने सरकार के इस फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है। फैकल्टी सदस्यों का कहना है कि सरकार लगातार उनके अधिकारों और सुविधाओं में कटौती कर रही है। देश के अन्य राज्यों में सहायक प्रोफेसरों की छुट्टियां रद्द नहीं की गई हैं। एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि सरकार ने पहले ही एनपीए वापस ले लिया है और अब छुट्टियों की सुविधा समाप्त की जा रही है। इससे मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत फैकल्टी का मनोबल प्रभावित होगा।
फैकल्टी एसोसिएशन इस फैसले का विरोध करती है। सरकार को आदेशों पर पुनर्विचार करना चाहिए। सोमवार को चमियाना में फैकल्टी सदस्यों की बैठक होगी, जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी। इस मुद्दे पर प्रदेश के अन्य अस्पतालों की फैकल्टी एसोसिएशन से भी चर्चा की जाएगी। -डॉ. यशवंत सिंह वर्मा, सचिव, फैकल्टी एसोसिएशन
