HRTC Buses: हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में अब होगा कैशलेस सफर, प्रक्रिया शुरू
पहले चरण में यात्रियों को डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और क्यूआर कोड से किराये के भुगतान की सुविधा मिलेगी।
विस्तार
हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) बसों में सफर करने वाले यात्री इसी महीने से कैशलेस सफर की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। पहले चरण में यात्रियों को डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और क्यूआर कोड से किराये के भुगतान की सुविधा मिलेगी। दूसरे चरण में एनसीएमसी कार्ड की सुविधा शुरू होगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पेमेंट गेटवे से निगम की बसों में कैशलेस सफर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
एचआरटीसी ने 4500 ई-टिकटिंग मशीनों को एसबीआई के नेटवर्क पर लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीते सप्ताह स्टेट बैंक के अधिकारियों की मौजूदगी में डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से किराये के भुगतान का ट्रायल किया गया था जो कामयाब रहा। अगले हफ्ते यूपीआई और क्यूआर कोड की टेस्टिंग होनी है।
इसी महीने शुरू होगी कैश लेस सुविधा : रोहन
इसी महीने निगम की बसों में कैश लेस सफर की सुविधा शुरू हो जाएगी। डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और क्यूआर कोड से यात्री किराया दे सकेंगे। एसबीआई के पेमेंट गेटवे से यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। एनसीएमसी कार्ड की सुविधा दूसरे चरण में उपलब्ध करवाई जाएगी।- रोहनचंद ठाकुर, प्रबंध निदेशक, एचआरटीसी
अगले चरण में एनसीएमसी कार्ड की सुविधा
कैश लेस सुविधा के बाद एचआरटीसी बसों में किराये के भुगतान के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की भी सुविधा उपलब्ध करवाएगा। पूरे देश में मान्य इस कार्ड के जरिये लोग मेट्रो और एयरपोर्ट के किराये का भी भुगतान कर सकते हैं। यह सेवा शुरू होने के बाद बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाले सैलानियों को सबसे अधिक लाभ होगा। कार्ड से टोल पार्किंग का शुल्क भी जमा किया जा सकता है। इस कार्ड से शॉपिंग के अलावा एटीएम से नकदी भी निकाली जा सकती है।