नई योजना, 19 साल की उम्र में अब हर युवा की होगी मुफ्त स्वास्थ्य जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
युवाओं को घातक बीमारियों से बचाने के लिए 19 साल की उम्र में मेडिकल स्क्रीनिंग जरूरी होने जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को हिमाचल के मंडी जिला के नेरचौक में लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज में पीसीवी वैक्सीन का शुभारंभ करते हुए कहा कि मेडिकल स्क्रीनिंग से रक्तचाप, शूगर, ब्रेस्ट और ओरल कैंसर जैसी बीमारियां युवावस्था में ही पकड़ में आ सकेंगी।
सरकार हर युवा की मुफ्त स्वास्थ्य जांच करवाएगी। यूनिवर्सल स्क्रीनिंग योजना के तहत हिमाचल समेत देश के 100 जिलों में इसका ट्रायल किया जाएगा। योजना सफल रही तो इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा। नड्डा ने कहा कि पीसीवी वैक्सीन की शुरुआत हिमाचल से हुई है। केंद्र सरकार प्रत्येक सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में फ्री ड्रग्स एंड डायग्नोस्टिक सेंटर खोल रही है।
इसमें सब सेंटर के स्तर पर 9 तरह के टेस्ट और 50 तरह की दवाएं रोगियों को मुफ्त मिलेंगी। पीएचसी स्तर पर 13 टेस्ट और 100 दवाएं, सीएचसी स्तर पर 50 टेस्ट और 250 दवाएं एवं जिला अस्पताल स्तर पर 70 टेस्ट और 600 दवाएं रोगियों को मुफ्त मिलेंगी। अगर अस्पताल में किसी भी तकनीकी खराबी के कारण मेडिकल टेस्ट नहीं हो सका तो बाहर टेस्ट करवाने वाले रोगियों को अस्पताल टेस्ट का खर्च देगा।
एलोपैथी से होम्योपैथी या आयुर्वेदिक डॉक्टरों को रेफर हो सकेंगे मरीज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही आयूष के तहत एलोपैथी डॉक्टर को रोगियों को होम्योपैथी और आयुर्वेदिक चिकित्सकों को रेफर करने की शक्तियां देने वाली है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में मेडिकल हेल्थ मिशन के बजट को भी बढ़ाया जाएगा।
अगस्त तक शुरू होगा चंबा मेडिकल कॉलेज
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने चंबा में अगस्त तक मेडिकल कॉलेज शुरू करने की मांग केंद्रीय मंत्री नड्डा के समक्ष रखी। इसके साथ ही हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को भी अगले साल से शुरू करने की गुहार लगाई। नड्डा ने कहा कि इसके लिए पूरी कोशिश की जाएगी। संभव हुआ तो अगस्त तक चंबा में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा।
हिमाचल में खुलेंगे 9 ट्रामा सेंटर
नड्डा ने प्रदेश में 9 ट्रामा सेंटर खोलने पर हामी भरी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से जल्द ही एक टीम नौ जिलों में ट्रामा सेंटर के सर्वे के लिए भेजी जाएगी। आईजीएमसी सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल की सुविधा से लैस होगा जबकि शिमला को ट्रामा लेवल वन की श्रेणी का घोषित किया जा चुका है।
उपमंडल स्तर पर डायलिसिस का भेजें प्रस्ताव
नड्डा ने कहा कि केवल अस्पताल में ही नहीं, उपमंडल पर भी डायलिसिस की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह को उपमंडल स्तर पर डायलिसिस सुविधा मुहैया करवाए जाने का प्रस्ताव बनाकर केंद्र को भेजने के लिए कहा।