ओपीडी में डॉक्टरों के सामने होगी जेनेरिक दवाओं की सूची
अस्पतालों की ओपीडी में अब जेनेरिक दवाइयों की लिस्ट डॉक्टरों के सामने रहेगी। जेनेरिक केंद्रों में कौन सी दवाइयां उपलब्ध हैं, इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन डॉक्टरों को उपलब्ध करवाएगा। चिकित्सकों को मरीजों को पर्ची में जेनेरिक दवाइयां ही लिखनी होंगी।
अगर केंद्रों में दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं तो ऐसी स्थिति में डॉक्टर निजी दवा दुकानों में मिलने वाली दवाइयां लिख सकेंगे। हिमाचल में 400 डॉक्टर ऐसे हैं, जिन पर सरकार मरीजों की पर्ची में जेनेरिक दवाइयां नहीं लिखने पर कार्रवाई कर रही है।
सरकार का मानना है कि डॉक्टरों को बार-बार हिदायत दी जा रही है कि बाहर मिलने वाली दवाइयों के बजाय जेनेरिक स्टोर में मिलने वाली दवाइयां ही मरीजों की पर्चियों में लिखी जाएं।
कंपनियों के साथ मिले होने की आशंका
सरकार ने अस्पतालों के प्रांगण में जेनेरिक दवाओं के स्टोर खोले हैं। इनमें 300 से अधिक दवाइयां उपलब्ध हैं। उधर, मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने बताया कि डॉक्टरों को मरीजों की पर्चियों में जेनेरिक दवाइयां ही लिखने के निर्देश दिए गए हैं।
अगर कोई डॉक्टर जेनेरिक के बजाय निजी दवा दुकानों की दवाइयां लिखता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि मरीजों की पर्ची में जेनेरिक दवाइयां न लिखे जाने से यह भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि डॉक्टरों की कंपनियों के साथ साठ-गांठ हो सकती है। सरकार ऐसे डॉक्टरों पर नजर रखे हुए है।
