Shimla: 133 उपभोक्ताओं को नोटिस, बिल न भरने पर बंद होगी पेयजल सप्लाई
शहर में पानी के बिल न देने वालों को नोटिस दिए जा रहे हैं। अब दूसरी सूची के तहत 133 उपभोक्ताओं को नोटिस दिए जा रहे हैं। इनसे पांच लाख रुपये तक के बिल वसूले जाने हैं।
विस्तार
शिमला। राजधानी में पानी के बिल न चुकाने वाले 133 उपभोक्ताओं को शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड कंपनी ने नोटिस जारी कर दिए हैं। इन्हें दो हफ्ते के भीतर बिल चुकाने को कहा गया है। ऐसा न करने पर इनकी पेयजल सप्लाई बंद कर दी जाएगी। कंपनी के अनुसार ये वह उपभोक्ता हैं, जिनका पानी बिल लाखों में पहुंच गया है। ये कई सालों से पानी तो पी रहे हैं, लेकिन बिल नहीं भर रहे। इनमें 71 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनका बिल तीन लाख रुपये से ज्यादा हो चुका है। वहीं 62 ऐसे हैं, जिनका बिल एक से तीन लाख रुपये के बीच है। इनमें ज्यादातर सरकारी महकमे, होटल और कई व्यावसायिक उपभोक्ता हैं। पेयजल कंपनी के अनुसार शहर में बिल न चुकाने वाले उपभोक्ताओं की संख्या दो हजार से ज्यादा है। इन्हें अब चरणबद्ध तरीके से नोटिस दिए जा रहे हैं।
पहली सूची में 47 उपभोक्ताओं को नोटिस दिए गए थे। इनके बिल पांच लाख से ज्यादा हैं। दूसरी सूची में एक से पांच लाख तक के बिल वाले 133 उपभोक्ता हैं। इसके बाद 50 हजार से एक लाख रुपये तक की बिल राशि वाले उपभोक्ताओं को नोटिस थमाए जाएंगे। कंपनी का कहना है कि बिल न भरने पर अब सख्ती होगी। फील्ड स्टाफ को इनके पानी के कनेक्शन काटने के निर्देश दिए जाएंगे। शिमला शहर में पेयजल के कुल 35 हजार उपभोक्ता हैं। इनमें से दो हजार से ज्यादा उपभोक्ता ऐसे हैं जो समय से बिल नहीं भर रहे।
पांच किस्तों में भी भर सकेंगे बिल
कंपनी ने कुछ दिन पहले 47 डिफाल्टरों को भी नोटिस दिए थे। इनसे पांच लाख रुपये से ज्यादा का बिल वसूला जाना है। इसमें ज्यादातर सरकारी महकमे शामिल हैं। नोटिस मिलने के बाद ये अब बिल जमा करवाने पहुंच रहे हैं। कंपनी का कहना है कि बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को किस्तों की भी सुविधा दी जा रही है। जिन उपभोक्ताओं को एकमुश्त बिल देना मुश्किल लग रहा है, वह पांच किस्तों में बिल जमा करवा सकते हैं। किस्त सुविधा लेने के लिए इन्हें कंपनी के पास आवेदन करना होगा।
कोट्स
शहर में पानी के बिल न देने वालों को नोटिस दिए जा रहे हैं। अब दूसरी सूची के तहत 133 उपभोक्ताओं को नोटिस दिए जा रहे हैं। इनसे पांच लाख रुपये तक के बिल वसूले जाने हैं। बिल जमा न करने पर पेयजल सप्लाई बंद की जा सकती है।
पीपी शर्मा, एजीएम पेयजल कंपनी