एनजीटी ने रोहतांग में डीजल वाहनों पर लगाई रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पर्यावरण को हो रहे नुकसान को देखते हुए रोहतांग दर्रा में जाने वाले सभी डीजल वाहनों पर पूर्ण रोक लगा दी है। अब प्रशासन की परमिशन पर रोजाना केवल पेट्रोल के 500 वाहन ही जा सकेंगे। डीजल के किसी वाहन को रोहतांग जाने की अनुमति नहीं होगी। जस्टिस स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता वाली पीठ ने शुक्रवार को याचिका की सुनवाई के बाद यह आदेश दिया।
अभी तक रोहतांग के लिए प्रशासन की अनुमति पर रोजाना 1000 वाहन रोहतांग भेजे जा रहे थे। इनमें 600 पेट्रोल और 400 वाहन डीजल के थे। बता दें कि एनजीटी ने रोहतांग में 1000 वाहन भेजने की जो छूट दी थी वह पहले ही खत्म हो गई थी। हालांकि, इस पर कोई नया आदेश जारी नहीं होने के कारण 1000 वाहन अभी भेजे जा रहे थे।
टैक्सी यूनियन ने एनजीटी से लगाई थी गुहार
टैक्सी यूनियन ने एनजीटी से गुहार लगाई थी कि कुछ और वाहनों को रोहतांग जाने की अनुमति दी जाए। इस पर एनजीटी ने कहा कि रोहतांग में वाहन जाने को दी गई छूट की अवधि पहले ही पूरी हो चुकी है। चूंकि, अब रोहतांग बर्फबारी के कारण बंद है लिहाजा वाहनों को भेजने की छूट नहीं दी जा सकती। टैक्सी यूनियन के आग्रह पर एनजीटी ने रोजाना मात्र 500 पेट्रोल के वाहनों को ही रोहतांग जाने की अनुमति दी।
इनमें टैक्सियों के अलावा प्राइवेट कारें भी शामिल हैं। बेंच ने यह शर्त लगाई कि वही वाहन भेजे जाएंगे जो ज्यादा प्रदूषण न फैलाते हों। बेंच ने संबंधित प्राधिकरणों को निर्देश दिया है कि वह वाहनों से निकलने वाले धुएं की जांच करें और गाड़ियों की लोडिंग को भी चेक करें। इसके बाद ही गाडि़यों को अनुमति प्रदान करें।