हिमाचल स्वास्थ्य विभाग का यूटर्न: विरोध के बाद डॉक्टरों की दो दिन में ही छुट्टियां बहाल, अधिसूचना ली वापस
स्वास्थ्य विभाग ने 23 नवंबर को जारी अधिसूचना में 1 अप्रैल 2026 के बाद पदोन्नत और सीधी भर्ती से नियुक्त सहायक प्रोफेसरों की छुट्टियों पर रोक लगा दी थी। अब चिकित्सकों में नाराजगी के बाद फैसला वापस ले लिया है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसरों की छुट्टियों पर रोक लगाने के फैसले को स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन में ही वापस ले लिया है। डॉक्टरों के विरोध के बाद बुधवार को स्वास्थ्य सचिव कार्यालय की ओर से नई अधिसूचना जारी कर 23 नवंबर को जारी आदेशों को निरस्त कर दिया गया। अब सहायक प्रोफेसरों को पहले की तरह छुट्टियों का लाभ मिलता रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने 23 नवंबर को जारी अधिसूचना में 1 अप्रैल 2026 के बाद पदोन्नत और सीधी भर्ती से नियुक्त सहायक प्रोफेसरों की छुट्टियों पर रोक लगा दी थी।
कॉलेजों के चिकित्सकों में थी नाराजगी
इस फैसले के बाद मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सकों में नाराजगी थी। सहायक प्रोफेसरों ने बैठक कर आदेश का विरोध जताया और सरकार से इसे वापस लेने की मांग उठाई थी। बुधवार को सरकार ने अपना फैसला बदलते हुए छुट्टियां बहाल कर दीं। इससे इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल शिमला, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी चमियाना और डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज कांगड़ा टांडा के सहायक प्रोफेसरों को राहत मिली है। इन संस्थानों में अप्रैल और दिसंबर-जनवरी में अवकाश की व्यवस्था है।
अधिसूचना वापस लेने के लिए जताया आभार
एसोसिएशन के सचिव डॉ. यशवंत सिंह वर्मा ने कहा कि छुट्टियों की अधिसूचना वापस लेने के लिए सरकार का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने लंबित एनपीए के मुद्दे पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी चमियाना की फैकल्टी एसोसिएशन की बैठक भी हुई थी।
