जाह्नवी ने जीता मिस भारत का खिताब, अब ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स पर नजरें
धर्मशाला की बेटी जाह्नवी शर्मा ने मिस भारत हिमाचल प्रदेश का खिताब अपने नाम किया है। अमन गांधी प्रोडक्शन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में धर्मशाला की जाह्नवी शर्मा को प्रदेश में विजेता घोषित किया गया है।
धर्मशाला के श्यामनगर की रहने वाली जाह्नवी शर्मा की दसवीं तक की शिक्षा सेक्रेड हार्ट स्कूल सिद्धपुर में हुई, जबकि वर्तमान में जाह्नवी धर्मशाला कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं।
शिमला में हुई मिस भारत प्रतियोगिता में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मुंबई, राजस्थान, सिक्किम, भोपाल, जेएंडके, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों की युवतियों ने भाग लिया। मिस भारत हिमाचल प्रदेश का खिताब जीतने पर टॉलीवुड अभिनेत्री सूफी सैयाद ने जाह्नवी को ताज पहनाया।
प्रतियोगिता के विभिन्न पांच राउंड में गाउन पहनकर रैंप पर कैटवॉक, टैलेंट राउंड, आधुनिक परिधान, पारंपरिक परिधान और सवाल-जवाब राउंड शामिल रहे। इनमें जाह्नवी ने बेहतर प्रदर्शन किया।
मिस भारत हिमाचल प्रदेश का ताज जीत चुकीं जाह्नवी शर्मा ने बताया कि हमारा प्रदेश शांतिप्रिय और समृद्ध संस्कृति को संजोए हुए है।
उनका प्रयास रहेगा कि वह इस तरह की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। अब वह ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स प्रतियोगिता की तैयारी कर रही हैं। भविष्य में ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स प्रतियोगिता में भाग लेंगी।