गैर एनडीए दलों की सरकार का हिस्सा बनेगी कांग्रेस: आजाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि 23 मई को केंद्र में गैर एनडीए दलों की सरकार बनेगी और कांग्रेस हिस्सा बनेगी। गुरुवार को राजधानी शिमला में प्रेस वार्ता में जब उनसे पूछा कि क्या राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे।
इस पर आजाद ने कहा कि यह पार्टी की कोर कमेटी ही तय करेगी। उन्होंने कहा कि इस कमेटी का मैं भी सदस्य हूं। आजाद ने कहा कश्मीर को पीएम नरेंद्र मोदी नहीं सिर्फ कांग्रेस समझती है।
पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के कार्यकाल में कश्मीर में विकास हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी भी कश्मीर को समझते थे। कश्मीर में शांति डरा धमका कर नहीं, आपसी बातचीत से होगी।
आजाद ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, भाईचारे-सद्भाव, आंतरिक सुरक्षा, महिला सुरक्षा, किसानों-मजदूरों, युवाओं के विकास के लिए मोदी को हराना जरूरी है। मोदी विश्व के पहले ऐसे पीएम हैं, जिन्होंने नई नौकरियां देने की जगह 4.73 करोड़ लोगों की नौकरियां छीनीं।
नोटबंदी और जीएसटी से देश को नुकसान हुआ। प्रधानमंत्री सिर्फ गप्पू साबित हुए। मोहम्मद तुगलक को भी पीएम ने पीछे छोड़ दिया। भाजपा की घोषणाएं कागजी और टेलीविजन के लिए होती हैं। योजना आयोग से योजनाओं की मंजूरी तक नहीं ली जाती।
विज्ञापन और टेलीविजन के वेंटिलेटर पर है मोदी सरकार
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मोदी सरकार विज्ञापन और टेलीविजन के वेंटिलेटर पर है। शुक्रवार शाम को चुनाव प्रचार समाप्त होते ही मोदी सरकार की सांस उखड़ जाएगी। कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में जीडीपी का 3.18 फीसदी रक्षा क्षेत्र में खर्च होता था।
साल 2018 में सिर्फ 1.66 फीसदी बजट रक्षा क्षेत्र के लिए रखा गया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपने पांच साल के कार्यकाल का 60 फीसदी समय विदेशों में घूमने और देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा के प्रचार में व्यतीत किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय में मोदी को बैठने का समय तक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि किसान फसल बीमा योजना सिर्फ बीमा कंपनियों को लाभ देने के लिए ही शुरू की गई है। कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश उपाध्यक्ष हर्ष महाजन भी मौजूद रहे।
आजाद ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी भाजपा के लिए एक एसेट (संपत्ति) थे। पांच साल के निराशाजनक प्रदर्शन के चलते अब पीएम मोदी 2019 के चुनाव में लाइबिलिटी (देनदारी) बन गए हैं।
कांग्रेस नेता से जब पूछा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वे पश्चिम बंगाल में ईश्वर चंद विद्यासागर की मूर्ति बनाने की बात कर रहे हैं तो आजाद ने कहा पीएम तो अपनी मूर्तियां भी बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मायावती ने भी तो अपनी मूर्तियां बनवाई थीं।