सीएम जयराम ने वीरभद्र के बयान पर किया पलटवार, ये कहा
अचानक शनिवार शाम मंडी पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वैसे तो वीरभद्र सिंह मेरे लिए सम्मानीय हैं, लेकिन पार्टी के कुछ नेता उन्हें उकसा रहे हैं कि वह जयराम ठाकुर के खिलाफ कड़वी भाषा का प्रयोग करें।
इनके दबाव के चलते वह मेरे खिलाफ बोल रहे हैं। सीएम ने कहा कि वीरभद्र की स्थिति ऐसी है कि वह मन से प्रचार भी नहीं करना चाहते हैं। कहा कि वह पार्टी के सबसे वरिष्ठ और प्रभावशाली नेता हैं, लेकिन पार्टी उनके इस तजुर्बे का सही फायदा नहीं ले पा रही है।
उनके अनुभव का गलत प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री से कहा कि उन्हें मेरी तुलना करने की क्या आवश्यकता आन पड़ी है। मैं जयराम हूं और जयराम ही रहूंगा, मैं वीरभद्र नहीं बनना चाहता हूं। कहा कि मुकेश छोटे दायरे के नेता हैं और हमेशा कड़वी बातें बोलते रहते हैं।
चुनावों के बाद वह विपक्ष के नेता पद से भी हटाए जाएंगे मुकेश
वीरभद्र सिंह के अलावा उनकी पार्टी के विधायक उन्हें जरा भी पसंद नहीं करते। मुझे लगता है कि चुनावों के बाद वह विपक्ष के नेता पद से भी हटा दिए जाएंगे। कांग्रेस में नेताओं को हटाने और नियुक्त करने का क्रम जारी है।
इसका ताजा उदाहरण मंडी जिला अध्यक्ष पद पर चल रही असमंजस की स्थिति है। इस मौके पर उनके साथ आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा और विधायक राकेश जंवाल भी मौजूद रहे।
मंडी संसदीय क्षेत्र पर रहेगा पूरा फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी उनका जिला और घर है। यहां पर उनका आना-जाना कुछ लोगों को रास नहीं आता। लेकिन मंडी संसदीय क्षेत्र पर अब वह पूरा फोकस करेंगे। उन्होंने कहा कि 10 मई को प्रधानमंत्री मोदी मंडी आएंगे। रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर नेता कार्यकर्ता, पदाधिकारी दिन-रात मेहनत करेंगे।