Kangra News: योल की आकासा राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित
आकासा ने बद्दी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित पहली हिमाचल प्रदेश स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की ‘रोलिंग टाइगर’ आकासा ने बद्दी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित पहली हिमाचल प्रदेश स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। आकासा हिमाचल प्रदेश से राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (RSFI) की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुनी गई पहली बालिका खिलाड़ी(11-14 वर्ग में) बन गई हैं। हिमाचल प्रदेश रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मिथुन राणा ग्रुप चैंपियन ट्रॉफी देकर आकासा का प्रोत्साहन बढ़ाया। यह प्रतियोगिता इनलाइन स्पीड स्केटिंग में होगी, जो दिसंबर 2024 में मैसूर में आयोजित होने वाली है। आकासा ने न केवल ग्रुप चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, बल्कि बड़ी बढ़त के साथ क्वालीफाइंग टाइमर को भी मात दी, जिससे उन्होंने प्रदेश के खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया।
उनकी इस सफलता ने राज्य के कई युवा स्केटर्स के लिए एक प्रेरणा का काम किया है, जो स्केटिंग को एक खेल के रूप में अपनाना चाहते हैं। आकासा के कोच चंदर सिंगल के निरंतर मार्गदर्शन और समर्थन ने इस सफलता को संभव बनाया है। आकासा के अभिभावकों का कहना है कि उन्हें गर्व है कि उनकी बेटी हिमाचल प्रदेश की पहली बालिका खिलाड़ी के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। हिमाचल प्रदेश के रोलर स्केटिंग संघ की ओर से आयोजित इस चैंपियनशिप में आकासा का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन राज्य के खेल इतिहास में एक नई पहचान के रूप में उभरा है। अब उनकी नजरें राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का परचम लहराने पर हैं।